Mahindra XUV400 Electric SUV Delivery Begins: महिंद्रा ने कुछ समय पहले ही भारत में नई XUV400 इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च की है जिसकी डिलीवरी अब ग्राहकों को मिलना शुरू हो चुकी है. कंपनी ने गुड़ी पड़वा पर 400 ग्राहकों को नई ईवी सौंपी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 15.99 लाख रुपये रखी गई है. Mahindra Automotive ने देशभर के ग्राहकों को XUV400 का टॉप मॉडल ईएल वेरिएंट ही फिलहाल डिलीवर करना शुरू किया है, वहीं इसके बेस ईसी वेरिएंट की डिलीवरी इसी साल त्योहारों के सीजन में शुरू होगी. बता दें कि कंपनी ने इन दोनों वेरिएंट्स की इंट्रोडक्टरी कीमत को पहली 5,000 यूनिट तक ही सीमित रखा है.
456 किमी तक मिलेगी रेंज
महिंद्रा XUV400 ईसी कम दमदार वेरिएंट है जिसके साथ 34.5 किलोवाट-आर बैटरी लगाई गई है. ये बैटरी पैक 159 पीएस ताकत और 310 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, सिंगज चार्ज में ये बैटरी पैक 375 किमी तक रेंज देता है. इसे 3.3 किलोवाट और 7.2 किलोवाट चार्जर के विकल्प दिए गए हैं. XUV400 ईएल की बात करें तो इसे 39.4 किलोवाट-आर लिथियम-आयन बैटरी पैक मिला है जो सिंगल चार्ज में इसे 456 किमी तक रेंज देता है, ताकत दोनों वेरिएंट की समान है.
रफ्तार और मुकाबला दोनों धाकड़
सिर्फ 8.3 सेकंड में ये कार 0-100 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है, वहीं इसकी टॉप स्पीड 150 किमी/घंटा है. इस कार को फन, फास्ट और फियरलेस जैसे ड्राइविंग मोड्स दिए गए हैं. भारत में नई महिंद्रा XUV400 का सीधा मुकाबला टाटा नैक्सॉन ईवी से शुरू हो चुका है, इसके अलावा एमजी जैडएस ईवी और ह्यून्दे कोना भी इसका मुकाबला करेंगे. कंपनी ने ये इलेक्ट्रिक एसयूवी 5 रंगों - आर्कटिक ब्लू, एवरेस्ट व्हाइट, गैलेक्सी ग्रे, नेपोली ब्लैक और इन्फिनिटी ब्लू में लॉन्च कर है. यहां डुअल टोन में सेटिन कॉपर विकल्प भी मौजूद है.
