सोशल मीडिया पर कुछ न कुछ ऐसा जरूर देखने को मिल जाता है जो हर किसी को चौंका देता है। कभी अजीबोगरीब हैलोवीन प्रैंक, तो कभी अजीब फूड कॉम्बिनेशन, लेकिन इस बार जो वायरल हुआ है, वह वाकई अनोखा है। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के बडनेरा (Badnera) से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक ऑटो ड्राइवर ने अपने ऑटो को लग्जरी कार में बदल दिया है।
लक्जरी फीचर्स से लैस यह ऑटो
वीडियो में दिखाया गया ऑटो किसी महंगी कार से कम नहीं दिखता। इसमें पावर विंडो, एसी, कन्वर्टिबल सीट्स और इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। अंदर बैठने पर यह एक लक्जरी कार का अनुभव देता है। वीडियो में दिखाया गया है कि ऑटो में दोनों ओर चार गेट्स लगाए गए हैं।
पीछे की सीटों के लिए पावर विंडो का ऑप्शन भी मौजूद है। एयर कंडीशनर की सुविधा इसे और आरामदायक बनाती है। लंबी यात्रा करने वालों के लिए पीछे की सीट को बेड में बदला जा सकता है, जिससे यात्री आराम से सफर कर सकें। इतना ही नहीं, इसमें काफी बड़ा बूट स्पेस भी है, जहां यात्री अपना सामान रख सकते हैं।
सोशल मीडिया पर मच गया हंगामा
जबसे यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर हुआ है, लोग इसे देखकर हैरान हैं। कई यूज़र्स ने कमेंट्स में लिखा कि यह अब “ऑटो” नहीं बल्कि “लक्जरी एसयूवी” लग रहा है। किसी ने इसे महिंद्रा थार रॉक्स, तो किसी ने रेन्ज रोवर या टोयोटा फॉर्च्यूनर से तुलना कर दी। एक यूजर ने मजाक में लिखा “ओयो बनाने की सोच रहे हो क्या?” दूसरे ने लिखा “एलन मस्क, जरा इस आदमी को देखो!”
एक मजेदार कमेंट में किसी ने कहा “इतना पैसा लगाने के बाद भी सफर का एहसास ऑटो जैसा ही रहेगा।” वहीं कुछ लोगों ने यह जानने की इच्छा जताई कि आखिर इस ऑटो को मॉडिफाई करने में कितना खर्च आया।
