लग्जरी कार निर्माता Lexus India ने भारत में अपनी कुछ प्रीमियम कारों को स्वेच्छा से वापस मंगाने (रिकॉल) की घोषणा की है। इस रिकॉल अभियान के तहत LM, LX, LS, NX और RX मॉडल्स के कुल 1,588 यूनिट्स शामिल हैं। कंपनी ने यह कदम Parking Assist ECU सॉफ्टवेयर को अपडेट करने के लिए उठाया है, जो Panoramic View Monitor (360-डिग्री कैमरा सिस्टम) का हिस्सा है और वाहन की रियर-व्यू इमेज को प्रदर्शित करता है।
किन मॉडलों पर लागू होगा रिकॉल
Lexus LM : अप्रैल 2024 से अगस्त 2025 के बीच बने 258 यूनिट्सLexus LX : अगस्त 2022 से जुलाई 2025 के बीच बने 136 यूनिट्सLexus LS : नवंबर 2022 से अगस्त 2023 के बीच बने 6 यूनिट्सLexus NX : नवंबर 2021 से फरवरी 2025 के बीच बने 443 यूनिट्सLexus RX : मई 2022 से जून 2025 के बीच बने 745 यूनिट्स
सॉफ्टवेयर में क्या समस्या है?
कंपनी के मुताबिक, Parking Assist ECU में मौजूद सॉफ्टवेयर में एक त्रुटि पाई गई है। इस गड़बड़ी के कारण रिवर्स गियर लगाने के कुछ समय बाद रियर व्यू इमेज थोड़ी देर के लिए फ्रीज़ (रुक) सकती है। इसके अलावा कुछ स्थितियों में, अगली बार गाड़ी स्टार्ट करने पर रियर व्यू इमेज बिल्कुल दिखती नहीं है। यह समस्या केवल कुछ सीमित परिस्थितियों में होती है, लेकिन कंपनी ने इसे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुधारने का फैसला किया है।
कोई घटना दर्ज नहीं हुई
Lexus ने बताया कि अब तक भारत में इस समस्या से जुड़ी कोई शिकायत या दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है। यह रिकॉल केवल सावधानीपूर्वक कदम के रूप में उठाया गया है ताकि वाहनों की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
ग्राहकों से सीधे संपर्क किया जाएगा
Lexus के रिलेशनशिप मैनेजर्स प्रभावित ग्राहकों से सीधे संपर्क करेंगे और सॉफ्टवेयर अपडेट की प्रक्रिया निशुल्क पूरी की जाएगी। ध्यान देने योग्य है कि यह रिकॉल Toyota (जो Lexus की पैरेंट कंपनी है) द्वारा हाल ही में किए गए Camry, Vellfire और Land Cruiser के समान सॉफ्टवेयर अपडेट अभियान के बाद किया गया है।
