किआ (Kia) ने भारत में अपनी पहली CNG कार Kia Carens CNG लॉन्च कर दी है। यह मॉडल केवल Premium (O) वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसकी कीमत 11.77 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। इसमें CNG किट को डीलर स्तर पर 77,900 रुपये के अतिरिक्त खर्च पर लगाया जा सकता है। पेट्रोल मॉडल की कीमत 10.99 लाख रुपये है।
1,00,000 किमी की थर्ड-पार्टी वारंटी
इस कार में 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो पेट्रोल मोड में 115hp की पावर देता है, हालांकि, CNG मोड में इसकी पावर थोड़ी कम रहने की उम्मीद है। किआ ने इसके लिए Lovato की किट का इस्तेमाल किआ है, जो 3 साल या 1,00,000 किमी की थर्ड-पार्टी वारंटी के साथ आती है। चूंकि यह फैक्ट्री-फिटेड यूनिट नहीं है, इसलिए कंपनी ने इसकी माइलेज और पावर आउटपुट के आंकड़े साझा नहीं किए हैं।
8 इंच की टचस्क्रीन
कैरेंस का प्रीमियम (O) वेरिएंट फीचर्स से लैस है। इसमें 8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले सपोर्ट), रूफ-माउंटेड सेकंड और थर्ड रो एसी वेंट्स, वन-टच इलेक्ट्रिक टम्बल सेकंड रो सीट्स के लिए, सेमी लेदरेट अपहोल्स्ट्री, कीलेस एंट्री, इलेक्ट्रिक ORVMs, शार्क फिन एंटीना और रियर व्यू कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, CNG किट के कारण बूट स्पेस में कुछ कमी आ सकती है, क्योंकि पेट्रोल और डीजल वर्जन में यह 216 लीटर है।
सुरक्षा के लिहाज से किआ कैरेंस काफी सुसज्जित है। इसमें 6 एयरबैग, ABS और EBD, ट्रैक्शन कंट्रोल, ब्रेक असिस्ट, व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट, डाउनहिल ब्रेक कंट्रोल, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक, TPMS, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर और रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। GNCAP क्रैश टेस्ट में इस कार को तीन-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है।
किआ फिलहाल भारत में दो मॉडल बेच रही है, Carens और Carens Clavis। पुराना कैरेंस मुख्य रूप से फ्लीट ऑपरेटरों के लिए किफायती 7-सीटर विकल्प है, जबकि Carens Clavis उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो एक प्रीमियम MPV खरीदना चाहते हैं। नए CNG वर्जन के आने से पुराना कैरेंस अब और अधिक किफायती विकल्प बन गया है।
किआ कैरेंस अब उन कारों की सूची में शामिल हो गई है, जिनमें डीलर-लेवल CNG फिटमेंट की सुविधा दी जाती है। इस सूची में Honda City, Amaze, Elevate, Renault Kwid, Triber, Kiger, Citroen C3, C3 Aircross और Nissan Magnite जैसी कारें शामिल हैं।
