Hyundai Car Offers In December 2022: ह्यून्दे इंडिया ने त्योहारों का सीजन गुजर जाने के बाद दिसंबर 2022 में भी अपनी चुनिंदा कारों पर बंपर डिस्काउंट ऑफर किए हैं. कंपनी ने ग्रैंड आई10 निओस, आई20, ऑरा सेडान और इलेक्ट्रिक कोना पर 1.50 लाख रुपये तक की छूट दी है जो मॉडल पर निर्भर करती है. साल के अंत में मिले इन ऑफर्स के अंतर्गत एक्सचेंज बोनस, कैश डिस्काउंट और कॉर्पोरेट बेनिफिट आते हैं. कंपनी ने ऑरा और ग्रैंड आई10 निओस के सीएनजी वेरिएंट्स पर भी डिस्काउंट दिए हैं.
ह्यून्दे कोना इलेक्ट्रिक
फिलहाल देश में ह्यून्दे की इकलौती पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार कोना एसयूवी पर सबसे बड़ा 1.50 लाख रुपये तक डिस्काउंट दिया गया है. ये सिर्फ कैश डिस्काउंट है, यहां कोई एक्सचेंज बोनस और कॉर्पोरेट डिस्काउंट नहीं मिला है. बता दें कि ये भारत में लॉन्च की गई पहली इलेक्ट्रिक कार है जिसे सिंगल चार्ज में 452 किमी तक चलाया जा सकता है.
ह्यून्दे ग्रैंड आई10 निओस
इस किफायती हैचबैक पर कंपनी ने कुल 63,000 रुपये तक ऑफर्स दिए हैं जिसमें 1.0-लीटर वर्जन पर 50,000 रुपये की नकद छूट शामिल है. इसके अलावा 10,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस और 3,000 रुपये का कॉर्पोरेट डिस्काउंट भी मिला है. सीएनजी वेरिएंट और 1.2-लीटर वेरिएंट पर कंपनी ने क्रमशः 25,000 रुपये और 20,000 रुपये तक ऑफर्स दिए हैं.
ह्यून्दे ऑरा सेडान
ह्यून्दे की ऑरा सेडान पर 43,000 रुपये तक ऑफर्स दिए गए हैं जिसमें 30,000 रुपये कैश डिस्काउंट सीएनजी वर्जन के लिए है. इसके अलावा 1.2-लीटर और सीएनजी मॉडल पर 10,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस दिया जा रहा है. ग्राहकों को 3,000 रुपये का कॉर्पोरेट डिस्काउंट भी मिलने वाला है. सेडान के बाकी दो पेट्रोल वेरिएंट 20,000 रुपये कैश डिस्काउंट पर उपलब्ध हैं.
ह्यून्दे आई20
ह्यून्दे की सबसे ज्यादा बिकने वाली प्रीमियम हैचबैक आई20 पर कुल 30,000 रुपये तक डिस्काउंट दिया गया है. इसमें 20,000 रुपये का कैश डिस्काउंट और 10,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस शामिल है. हालांकि कंपनी ने ये ऑफर्स इस हैचबैक के मिड लेवल मैग्ना और स्पोर्ट्स वेरिएंट पर दिए हैं.
