ऑटो न्यूज़

एक्सीडेंट के बाद Huawei की इलेक्ट्रिक कार में लगी आग, 3 लोगों ने गंवाई जान

पूरी दुनिया में इस वक्त इलेक्ट्रिक वाहनों की पसंद में इजाफा देखने को मिल रहा है। दूसरी तरफ एक ऐसी खबर आ रही है जिसे सुनकर इलेक्ट्रिक कार को खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोग चिंता में पड़ सकते हैं। मोबाइल और टेक कंपनी हुवावे समर्थित कार ब्रैंड Aito की M7 कार टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई और इसकी वजह से 3 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

Image

एक्सीडेंट के बाद आग की लपटों से घिरी हुवावे की Aito M7 कार

Photo : BCCL

Electric Cars: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की पसंद में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में भी इलेक्ट्रिक कारों की पसंद बढ़ रही है। इसी बीच चीन से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जो इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल करने वालों और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की प्लानिंग करने वाले लोगों के लिए चिंता बन सकती है। Aito, मोबाइल और टेक कंपनी हुवावे के समर्थन वाला कार ब्रैंड है। Aito M7, कंपनी की तरफ से मार्केट में उतारी गई पहली कार है। हाल ही में यह कार चीन के एक शहर में हाईवे पर ट्रक के साथ टकरा गई और आग की लपटों में घिर गई। इसकी वजह से 3 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी जिनमें 2 साल का एक बच्चा भी शामिल था।

काफी नया ब्रैंड है Aito

Aito ऑटोमोबाइल को 2022 में लॉन्च किया गया था। कंपनी ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WeChat और Weibo पर जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक पुलिस के साथ ही वह मामले की जांच कर रही है। अभी तक की जांच के आधार पर कंपनी ने कुछ जानकारी भी साझा की है। कंपनी ने बताया कि एक्सीडेंट के समय पर कार 115 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही थी। एक्सीडेंट के बाद कार का एयरबैग भी सामान्य रूप से खुला और कार की बैटरी से प्राप्त रेटिंग में भी कुछ असामान्य नहीं है।

अब आगे क्या?

कंपनी ने कहा है कि ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर वह मामले की जांच कर रही है और पुलिस की पूरी मदद भी कर रही है। सोशल मीडिया पर इस एक्सीडेंट का एक वीडियो भी साझा किया गया है। इस वीडियो में कार के आस-पास लोगों को खड़ा देखा जा सकता है। साथ ही लोगों को आग की लपटों से घिरी कार का शीशा तोड़ते हुए भी देखा जा सकता है। Aito M7 को सेरेस ग्रुप ने हुवावे के साथ साझेदारी में बनाया है। दूसरी तरफ हुवावे कई बार कह चुकी है कि वह कार के कॉम्पोनेन्ट प्रदान करती है, कार निर्माता नहीं है।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article