ऑटो न्यूज़

Harley-Davidson ने लॉन्च की अपनी सबसे सस्ती बाइक, रॉयल एनफील्ड की टेंशन बढ़ी

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jul 3, 2023, 09:46 PM IST

Harley-Davidson ने भारत में अपनी सबसे सस्ती बाइक स440 लॉन्च कर दी है जिसकी कीमत बहुत आकर्षक है। इस कीमत के साथ रॉयल एनफील्ड की बाइक्स से इसका सीधा मुकाबला होगा जिनका मार्केट पर दबदबा बना हुआ है।

Image

इसका उत्पादन और डिस्ट्रब्यूशन का काम हीरो मोटोकॉर्प करने वाली है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • Harley-Davidson X440 लॉन्च
  • कंपनी की देश में सबसे सस्ती बाइक
  • सिर्फ 2.29 लाख रुपये रखी कीमत

Harley-Davidson X440: हार्ली-डेविडसन ने भारत में अपनी सबसे सस्ती मोटरसाइकिल एक्स440 लॉन्च कर दी है जिसकी कीमत से रॉयल एनफील्ड की टेंशन बहुत बढ़ गई है। हार्ली-डेविडसन ने भले ही भारतीय मार्केट में स्वतंत्र व्यापार बंद कर दिया हो, लेकिन हीरो मोटोकॉर्प की साझेदारी में अब कंपनी ने सस्ती बाइक देश में लॉन्च कर दी है। नई हार्ली-डेविडसन एक्स440 की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 2.29 लाख रुपये है और ये बाइक तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध कराई गई है। हार्ली ने खासतौर पर भारत के लिए नई मोटरसाइकिल को तैयार किया है, वहीं इसका उत्पादन और डिस्ट्रब्यूशन का काम हीरो मोटोकॉर्प करने वाली है।

दिखने में बहुत जोरदार है बाइक

हार्ली-डेविडसन एक्स440 की स्टाइल और डिजाइन इसी ब्रांड की महंगी बाइक एक्सआर1200 से ली गई है। रेट्रो डिजाइन की ये नई बाइक गोल हेडलैंप और टियरड्रॉप पैटर्न के फ्यूल टैंक के साथ आई है। इसके अलावा आपको एलईडी लाइटिंग, एलसीडी इंस्ट्रूमेंट कंसोल और कई आधुनिक फीचर्स भी मिलेंगे। बाइक को दमदार लुक देने के लिए इसमें बेहतर लुक वाले अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।

कितना दमदार है इसका इंजन

नई एक्स440 के साथ कंपनी ने 398 सीसी का सिंगल-सिलेंडर एयर और ऑयल कूल्ड इंजन दिया है। ये इंजन 27 बीएचपी ताकत और 38 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है और इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। बाइक के अगले हिस्से में इंवर्टेड फोर्क्स दिए गए हैं, वहीं पिछला हिस्सा ट्विन शॉक अबसॉर्बर्स के साथ आया है। यहां डुअल चैनल एबीएस भी बाइक के साथ मिला है।

किन बाइक्स से है मुकाबला

हार्ली-डेविडसन चीन के मार्केट में एक्स 350 और एक्स 500 बेचती है, लेकिन भारत में लॉन्च हुई एक्स440 इन दोनों बाइक्स से पूरी तरह अलग है। भारतीय मार्केट में नई एक्स440 का सबसे बड़ा मुकाबला रॉयल एनफील्ड से होने वाला है जिसका मार्केट में दबदबा है। नई बाइक रॉयल एनफील्ड की क्लासिक 350, मीटिओर 350 के अलावा होंडा हाइनेस सीबी350, बेनेली इंपीरियल 400 और आगामी ट्रायम्फ स्पीड 400 से भी टक्कर लेगी।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article