BMW X3: जर्मन कार निर्माता कंपनी BMW ने हाल ही में भारत में अपनी SUV, X3 के स्पेशल एडिशन वेरिएंट को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने कार के इस वेरिएंट को शैडो एडिशन का नाम दिया है। BMW X3 एक 5 सीटर SUV है और भारत में इसे काफी पसंद भी किया जाता है। X3 का यह नया वेरिएंट एक्सड्राइव20डी एम स्पोर्ट वेरिएंट पर आधारित है और कार में डिजाईन के साथ-साथ अन्य काफी महत्त्वपूर्ण अपडेट्स भी किये गए हैं। BMW X3 शैडो एडिशन की 74.9 लाख रुपये रखी गई है। यह स्टैण्डर्ड मॉडल के मुकाबले 1 लाख रुपये ज्यादा महंगा है। आइये जानते हैं BMW X3 शैडो एडिशन में आपको क्या कुछ खास फीचर्स देखने को मिलते हैं।
डिजाईन में क्या बदलाव
BMW X3 शैडो वेरिएंट में आपको किडनी ग्रिल पूरी तरह काले रंग की दी गई है। इसके साथ ही कार के विंडो सराउंड, रूफ रेल और टेलपाइप को भी पूरी तरह से ब्लैक्ड-आउट कर दिया गया है। BMW X3 में आपको दो कलर ऑप्शंस देखने को मिलते हैं, जिनमें से एक ‘एम कार्बन ब्लैक’ और दूसरा ‘एम ब्रुकलिन ग्रे’ कलर है। कार में आपको 19 इंच के स्पोक एलॉय व्हील्स देखने को मिलते हैं और कार में साइड स्ट्रिप पर M भी लिखा हुआ है। कार का कार्बन एडिशन पैकेज भी है जिसमें गेयर लीवर और एंट्री प्लेट भी आपको कार्बन फाइबर वाली देखने को मिलती है।
इंटीरियर में क्या कुछ बदला
कार के इंटीरियर की बात करें तो BMW X3 शैडो एडिशन में आपको लेदर सीट्स देखने को मिलती हैं। एक्सड्राइव20डी एम स्पोर्ट वेरिएंट में मिलने वाले फीचर्स के साथ ही कार में आपको BMW ड्राइविंग असिस्टेंट भी देखने को मिलता है। SUV में आपको लेन चेंज वार्निंग, ब्लाइंड स्पॉट असिस्टेंट, रियर क्रासिंग ट्रैफिक वार्निंग और रियर कोलिजन प्रिवेंशन जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं।
