ऑटो न्यूज़

बारिश में गीली सड़क पर स्किडिंग से कैसे बचें? काम आएंगी ये 7 लाइफ-सेविंग टिप्स

How to avoid bike skidding in rain: बारिश में बाइक राइड कर रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखने के साथ सुरक्षित तरीके से बाइक चला सकते हैं और स्किडिंग जैसी खतरनाक स्थिति से खुद को बचा सकते हैं।

Image

गीली सड़क पर स्किडिंग से कैसे बचें? (Photo: iStock)

How to avoid bike skidding in rain: बारिश के दिनों में बाइक चलाना जितना मजेदार लगता है, उतना ही जोखिम भरा भी हो सकता है। गीली सड़कें अक्सर फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे स्किडिंग (फिसलना) का खतरा काफी बढ़ जाता है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। ऐसे में कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर आप अपनी राइड को सुरक्षित बना सकते हैं। इस आर्टिकल में आपको स्किडिंग से बचने के लिए जरूरी सेफ्टी टिप्स ही बता रहे हैं-

स्पीड कंट्रोल में रखें

गीली सड़क पर बाइक चलाते हुए स्पीड कंट्रोल में रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। गीली सड़क पर हमेशा धीमी गति से बाइक चलाएं, क्योंकि तेज रफ्तार में ब्रेक लगाने पर टायर का पकड़ (grip) कम हो जाता है और स्किडिंग का खतरा बढ़ जाता है।

अचानक ब्रेक लगाने से बचें

बारिश के दिनों में बाइक चला रहे हैं तो अचानक ब्रेक लगाने से बचना भी बेहद जरूरी है। बारिश में हार्ड ब्रेक लगाने से टायर लॉक हो सकते हैं, जिससे बाइक फिसल सकती है। हमेशा धीरे-धीरे और संतुलित तरीके से ब्रेक लगाएं। अगर आपकी बाइक में ABS (Anti-lock Braking System) है तो यह और भी मददगार होता है।

टायर की स्थिति पर ध्यान दें

बारिश में बाइक राइड कर रहे हैं तो टायर की स्थिति पर ध्यान देना भी जरूरी है। पुराने या घिसे हुए टायर गीली सड़क पर सही पकड़ नहीं बना पाते। इसलिए समय-समय पर टायर की ग्रिप और एयर प्रेशर चेक करते रहें। अच्छे ट्रेड वाले टायर स्किडिंग को काफी हद तक कम करते हैं।

सड़क की सतह को समझें

बाइक राइडिंग के दौरान सड़क की सतह को समझकर भी चलना जरूरी है। बारिश में रोड पर ऑयल, मिट्टी या काई (moss) जमा हो सकती है, जो बेहद फिसलन भरी होती है। खासकर जेब्रा क्रॉसिंग, मैनहोल कवर और पेंटेड रोड मार्किंग पर ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

दोनों ब्रेक का सही इस्तेमाल करें

बारिश के दिनों में बाइक राइडिंग के दौरान दोनों ब्रेक का सही इस्तेमाल करना भी बेहद जरूरी है। सिर्फ फ्रंट या सिर्फ रियर ब्रेक पर निर्भर रहने के बजाय दोनों का संतुलित इस्तेमाल करें। इससे बाइक स्थिर रहती है और स्किडिंग का खतरा कम होता है।

दूसरे वाहनों से सही दूरी बनाएं

बारिश में सड़क पर दूसरे वाहनों से सही दूरी बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। अपने आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें ताकि अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत न पड़े। इससे आपको रिएक्ट करने के लिए समय मिल जाता है।

सही बॉडी बैलेंस बनाए रखें

बाइक राइडिंग के दौरान सही बॉडी बैलेंस बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। बाइक चलाते समय अचानक मोड़ लेने या झटके से हैंडल घुमाने से बचें। स्मूथ और कंट्रोल्ड मूवमेंट ही सुरक्षित राइडिंग की कुंजी है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article