2024 Bajaj Pulsar N250 Teased: बजाज ऑटो भारत में 10 अप्रैल 2024 को नई पल्सर एन250 लॉन्च करने वाली है। लॉन्च से पहले कंपनी ने नई मोटरसाइकिल का टीजर जारी कर दिया है जिसमें ये काफी आकर्षक नजर आ रही है। स्ट्रीट फाइटर लुक वाली ये मोटरसाइकिल कई बड़े बदलावों के साथ लॉन्च होने वाली है जो कंपनी द्वारा अपडेट की गई बाकी बाइक्स की तर्ज पर होंगे। बाकी बाइक्स में हुए बदलावों को देखें तो नई बजाज पल्सर एन250 के साथ नई तकनीक और नया हार्डवेयर मिलने वाला है। कुल मिलाकर ये नई बाइक मुकाबले के हिसाब से अपडेट हुई है जो ग्राहकों को निश्चित तौर पर प्रभावित करेगी।
क्या-क्या बदलाव होंगे
2024 बजाज पल्सर एन250 के साथ पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, अगले हिस्से में यूएसडी फोर्क्स, चौड़े टायर्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और कुछ कॉस्मैटिक अपडेट्स के साथ नए रंग मिल सकते हैं। फिलहाल इस मोटरसाइकिल की भारत में एक्सशोरूम कीमत 1.50 लाख रुपये है, 2024 मॉडल का दाम कुछ 10,000 से 15,000 रुपये ज्यादा होने की संभावना है। देश के मार्केट में इसका मुकाबला सुजुकी जिक्सर 250, टीवीएस अपाचे आरटीआर 200 4वी और केटीएम 250 ड्यूक जैसी बाइक्स से होगा।
कितना दमदार होगा इंजन
नई बजाज पल्सर एन250 के साथ पहले वाला 249 सीसी सिंगल सिलेंडर, एयर और ऑयल कूल्ड, दो वाल्व इंजन मिलने वाला है। मौजूदा मॉडल में लगा ये इंजन 24.1 बीएचपी ताकत और 21.5 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। ये 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है जो स्लिप और असिस्ट क्लस के साथ आता है। 2024 मॉडल बजाज पल्सर एन250 को 6-स्पीड गियरबॉक्स मिल सकता है जो इसे काफी फुर्तीला बनाएगा। बता दें कि बजाज ऑटो जल्द अपनी पहली सीएनजी बाइक भी भारत में लॉन्च करने वाली है, इसके अलावा अब तक की सबसे दमदार पल्सर 400 पर भी आधिकारिक पुष्टि मिल चुकी है।
