Ampere Nexus Electric Scooter Launched: ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के टू-व्हील ब्रांड एंपियर ने अपना पहला प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर एंपियर नैक्सस लॉन्च कर दिया है। इसकी इंट्रोडक्टरी एक्सशोरूम कीमत 1.10 लाख से शुरू होकर 1.20 लाख रुपये तक जाती है। ये ई-स्कूटर दो वेरिएंट्स ईएक्स और एसटी में उपलब्ध कराया गया है और इसे 4 रंगों - जन्सकार अक्वा, लूनर व्हाइट, इंडियन रेड और स्टील ग्रे में पेश किया गया है। बता दें कि इंट्रोडक्टरी ऑफर खत्म होने के बाद कंपनी इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत में 10,000 रुपये का इजाफा करेगी।
हाइटेक फीचर्स से लोडेड
एंपियर नैक्सस का लुक और स्टाइल जोरदार है, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 170 मिमी है और यहां 235 मिमी का फ्लोरबोर्ड स्पेस दिया गया है। 12-इंच अलॉय व्हील्स से लैस नैक्सस के अगले पहिये में डिस्क ब्रेक दिया गया है। एसटी वेरिएंट के साथ आपको 7.0-इंच टचस्क्रीन और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के अलावा टर्न बाय टर्न नेविगेशन भी मिलेगा। ईएक्स को 6.2-इंच एलसीडी स्क्रीन मिला है। इसके टर्न इंडिकेटर्स ऑन/ऑफ करने के लिए बटन मिली है और चार्जिंग की जानकारी के साथ यहां एसटी को म्यूजिक कंट्रोल भी दिए गए हैं।
सिंगल चार्ज में कितना चलेगी
एंपियर नैक्सस के साथ 3 किलोवाट-आर एलएफपी बैटरी पैक दिया गया है। इसके अलावा बीच में लगी पर्मानेंट मैगनेट मोटर 4 किलोवाट तक पावर देती है। इसमें चार राइडिंग मोड्स - ईको, सिटी, पावर और लिंप होम मिलते हैं, वहीं नया हाइजीन रिवर्स मोड भी इसे मिलता है। दावा है कि इसकी टॉप स्पीड 93 किमी/घंटा है, सिटी मोड में ये स्पीड 63 किमी/घंटा और ईको मोड में 42 किमी/घंटा है। एक बार फुल चार्ज करने पर इसे 136 किमी तक चलाया जा सकता है। साढ़े तीन घंटे में ये फुल चार्ज हो जाता है, वहीं विकल्प में फास्ट चार्जर भी दिया गया है।
