ऑटो न्यूज़

अदाणी ने की एमजी मोटर इंडिया के साथ साझेदारी, दोनों कंपनियां लगाएंगी ईवी चार्जर

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Apr 9, 2024, 04:56 PM IST

समझौते के तहत ईवी ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए देश भर में एमजी डीलरशिप पर ईवी चार्जिंग स्टेशन (60 किलोवाट डीसी) स्थापित किए जाएंगे। यह भारत के ऊर्जा परिवर्तन को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Image

यह भारत के ऊर्जा परिवर्तन को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। - सुरेश पी. मंगलानी

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • अडानी और एमजी इंडिया की साझेदारी
  • देश में ईवी चार्जिंग पॉइंट लगाना घ्येय
  • 60 किलोवाट डीसी चार्जिंग स्टेशन लगेंगे

Adani MG Motor India Partnership: भारत को एक मजबूत और कुशल ईवी चार्जिंग के बुनियादी ढांचे के निर्माण में मदद करने के लिए अदाणी टोटलएनर्जीज ई-मोबिलिटी लिमिटेड (एटीईएल) और एमजी मोटर इंडिया ने सोमवार को एक समझौता किया। इसका उद्देश्य ग्राहकों को ईवी का उपयोग आसान बनाना है। समझौते के तहत ईवी ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए देश भर में एमजी डीलरशिप पर ईवी चार्जिंग स्टेशन (60 किलोवाट डीसी) स्थापित किए जाएंगे। अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) के ईडी और सीईओ सुरेश पी. मंगलानी ने कहा, "चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए अदाणी टोटलएनर्जीज ई-मोबिलिटी लिमिटेड और एमजी मोटर इंडिया के बीच सहयोग एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह भारत के ऊर्जा परिवर्तन को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"

ईवी के इस्तेमाल को बढ़ावा

मंगलानी ने कहा कि इससे कार्बन उत्सर्जन को कम करने और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने और ग्राहक पहुंच बढ़ाने के लिए एटीईएल एमजी डीलरशिप पर सीसी2 60 किलोवाट डीसी चार्जर स्थापित करेगा। एमजी मोटर इंडिया के मुख्य विकास अधिकारी गौरव गुप्ता ने कहा, “यह साझेदारी टिकाऊ गतिशीलता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और एक मजबूत चार्जिंग बुनियादी ढांचे का निर्माण कर ईवी के क्षेत्र में क्रांति लाने की हमारी दृष्टि का प्रमाण है। दोनों कंपनियों के बीच सहयोग का उद्देश्य भारतीय उपभोक्ताओं द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।” यह समझौता चार्जिंग बुनियादी ढांचे की आपूर्ति, स्थापना, कमीशनिंग, संचालन और रखरखाव को शामिल करते हुए एक व्यापक समाधान भी प्रदान करेगा।

कहां-कहां लगेंगे चार्जर

इसके अलावा, एक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से खोज, यूजर्स का प्रमाणीकरण, चार्जिंग और बिलिंग निपटान को कवर करते हुए एक सहज ग्राहक अनुभव की सुविधा के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया जाएगा। यह सहयोग एटीईएल के सार्वजनिक चार्जिंग नेटवर्क के रणनीतिक स्थानों, खासकर हवाई अड्डों जैसे स्थानों पर एमजी यूजर्स के लिए सुलभ आरआईएफडी समाधानों के साथ ग्राहक अनुभव को भी बढ़ाएगा। वर्तमान में, एटीईएल के पास 300 से अधिक चार्जिंग पॉइंट का नेटवर्क है, जो एसी और डीसी का मिश्रण है। ये हाईवे पिट-स्टॉप, शॉपिंग मॉल, आरडब्ल्यूए, कार्यस्थल और फ्लीट चार्जिंग हब जैसे विभिन्न क्षेत्रों में फैले हुए हैं। कंपनी की वर्तमान स्थापित क्षमता लगभग 6 मेगावाट है और लगभग 500 चार्जिंग पॉइंट निर्माणाधीन हैं।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article