इटली की सुपरबाइक निर्माता डुकाटी (Ducati) ने अपनी नई 2026 Streetfighter V4 सीरीज को भारत में लॉन्च कर दिया है। यह बाइक दो वेरिएंट्स में Streetfighter V4 Standard, जिसकी कीमत 28,68,600 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है और Streetfighter V4 S, जिसकी कीमत 32,38,400 रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है। नई बाइक में न सिर्फ डिजाइन में बदलाव किए गए हैं, बल्कि इसके इंजन और इलेक्ट्रॉनिक्स में भी सुधार देखने को मिलता है।
शक्तिशाली इंजन और बेहतर परफॉर्मेंस
2026 Streetfighter V4 और V4 S में पहले जैसा ही 1,103cc Desmosedici Stradale V4 इंजन दिया गया है, लेकिन अब यह Euro5+ और E20 फ्यूल कंप्लायंट है। यह इंजन 214 hp की अधिकतम पावर 13,500 rpm पर और 120 Nm का पीक टॉर्क 11,250 rpm पर देता है। इसका मतलब है कि नई Streetfighter पहले से ज्यादा स्मूद और दमदार परफॉर्मेंस देने में सक्षम है।
नए डिजाइन में स्पोर्टी लुक और एयरोडायनमिक सुधार
नई Streetfighter V4 में फुल-LED हेडलाइट दी गई है, जिसमें अब चार अलग-अलग सेगमेंट हैं, जबकि पीछे की ओर C-शेप्ड LED टेललाइट्स बाइक को और ज्यादा स्पोर्टी बनाती हैं। फ्यूल टैंक की कैपेसिटी 15.8 लीटर है (पहले से 0.2 लीटर कम), लेकिन इसे सीट के पास पतला बनाया गया है ताकि राइडिंग पोजिशन बेहतर हो। इसके अलावा, बॉडी-कलर वाले फॉरवर्ड-टिल्टेड विंगलेट्स जोड़े गए हैं, जो हाई-स्पीड पर बाइक को स्थिर रखते हैं और लगभग 14 किलोग्राम डाउनफोर्स पैदा करते हैं।
ब्रेकिंग में नए Brembo Hypure कैलिपर्स
डुकाटी ने ब्रेकिंग सिस्टम में भी अपग्रेड किया है। अब बाइक में Brembo Hypure फ्रंट कैलिपर्स दिए गए हैं, जो पुराने Stylema सेटअप से हल्के हैं और गर्मी को बेहतर तरीके से बाहर निकालते हैं। इससे तेज या बार-बार ब्रेक लगाने पर परफॉर्मेंस स्थिर रहती है।
एडवांस इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और नई TFT डिस्प्ले
Streetfighter V4 में अब एक नया 6.9-इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो राइडिंग मोड्स और सेटिंग्स को कस्टमाइज करने की सुविधा देता है। इसमें डुकाटी का नया Race eCBS सिस्टम भी शामिल है, जो लीन एंगल, थ्रॉटल और रियर लोड को मॉनिटर करके जरूरत पड़ने पर ऑटोमैटिक रूप से रियर ब्रेक लगाता है, जिससे बाइक की स्थिरता बढ़ती है।
फुल इलेक्ट्रॉनिक पैकेज से लैस
नई Streetfighter V4 में डुकाटी का पूरा इलेक्ट्रॉनिक सेटअप मौजूद है, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS, बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर और सिक्स-एक्सिस IMU जैसे फीचर्स इसे हाई-परफॉर्मेंस और सेफ राइडिंग का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बनाते हैं।
