New Generation Maruti Suzuki Dzire: मारुति सुजुकी की डिजायर भारतीय ग्राहकों की फेवरेट बहुत लंबे समय से बनी हुई है। इसे फ्लीट सेगमेंट में कुछ ज्यादा ही पसंद किया जाता है क्योंकि ये फुल पैसा वसूल सेडान है। अब कंपनी अगस्त 2024 के अंत तक नई जनरेशन डिजायर लॉन्च करने वाली है। लंबे समय से देश की सड़कों पर इस कार की टेस्टिंग जारी है और पिछली बार दिखा टेस्ट मॉडल प्रोडक्शन के लिए तैयार नजर आया था। बता दें कि नई डिजायर कुछ समय पहले लॉन्च हुई नई जनरेशन स्विफ्ट पर आधारित होगी। इसे भी हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है और नया के-सीरीज इंजन नई कार को मिलने वाला है।
केबिन में मिलेंगे बड़े बदलाव!
नई जनरेशन मारुति सुजुकी डिजायर के साथ पूरी तरह एलईडी लाइटिंग, ओआरवीएम पर कैमरा, 360 डिग्री कैमरा सेटअप जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। केबिन की फोटो अभी दिखाई नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें बदला हुआ डैशबोर्ड, अपडेटेड टचस्क्रीन सिस्टम, वायरलेस ऐप्पल कारप्ले, एंड्रॉइड ऑटो, क्रूज कंट्रोल, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप और ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा कंपनी नई डिजायर के साथ लेवल 2 एडीएएस, स्टैंडर्ड 6 एयरबैग्स, हाई बीम असिस्ट, हर दिशा में देखने वाला कैमरा, एमरजेंसी स्टॉप सिग्नल और ऑटोमैटिक हेडलैंप्स जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
कितनी हो सकती है कीमत
माना जा रहा है कि नई जनरेशन डिजाइन में कोई तकनीकी बदलाव नहीं किया जाएगा। इसके साथ मौजूदा मॉडल वाला 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिल सकता है जो 81 बीएचपी ताकत और 108 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। ये इंजन 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस होगा और इस बार कंपनी ग्राहकों के लिए ऑटोमैटिक या सीवीटी गियरबॉक्स का विकल्प भी दे सकती है। हमारा मानना है कि मारुति नई जनरेशन डिजायर को इसी साल लॉन्च करने वाली है, कयास लगाए जा रहे हैं कि 6.50 लाख रुपये शुरुआती एक्सशोरूम कीमत पर इसे लॉन्च किया जा सकता है।
