कृषि

यूपी के 17 जिलों में MSP पर उड़द खरीद के लिए खोले जा रहे हैं 50 केंद्र, यहां उपज बेचने के लिए क्या करे किसान

Urad procurement, Urad Dal Kharid On MSP: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। नेफेड द्वारा उड़द खरीद के लिए राज्य के 17 जिलों में 50 केंद्र खोले जा रहे हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार किसान इन केंद्रों पर अपनी उपज 7,800 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे। इसके लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है और खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

Image

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत: उड़द की सीधी खरीद शुरू करेगा नेफेड (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Urad procurement, Urad Dal Kharid On MSP : उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (NAFED) राज्य के 17 जिलों में उड़द की खरीद के लिए 50 केंद्र खोलने जा रहा है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गई। इन केंद्रों के जरिये किसान अपनी उड़द की फसल सीधे नेफेड को बेच सकेंगे, जिससे उन्हें बिचौलियों से छुटकारा मिलेगा और सही दाम मिल सकेगा।

MSP पर होगी खरीद, किसानों को मिलेगा पूरा लाभ

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक बयान में कहा गया कि NAFED इन केंद्रों पर किसानों से उड़द की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 7,800 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करेगा। इससे किसानों को बाजार में कम दाम मिलने की चिंता नहीं रहेगी। सरकार द्वारा तय MSP पर खरीद होने से किसानों की आय सुरक्षित होगी और उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा।

पंजीकरण शुरू, जल्द शुरू होगी खरीद प्रक्रिया

नेफेड ने उड़द खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। जिन किसानों ने उड़द की खेती की है, वे तय प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण कराकर अपनी उपज इन केंद्रों पर बेच सकेंगे। बयान में कहा गया है कि पंजीकरण पूरा होते ही बहुत जल्द खरीद प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी, ताकि किसानों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े।

तीन वर्किंग डे में मिलेगा भुगतान

इस योजना की एक खास बात यह है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के बाद भुगतान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। नेफेड ने यह सुनिश्चित किया है कि किसान को फसल बेचने के तीन कार्य दिवसों के भीतर ही पूरा भुगतान सीधे उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इससे किसानों को तुरंत नकदी मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

आत्मनिर्भर दाल योजना के तहत सीधी खरीद

NAFED की ओर से यह खरीद ‘आत्मनिर्भर दाल योजना’ के तहत की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत किसानों से 29 जनवरी 2026 तक सीधी खरीद की व्यवस्था की गई है। बयान के अनुसार इस पहल से न केवल किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि बाजार में बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी, जिससे किसानों का शोषण रुकेगा।

17 जिलों में पूरी तैयारी, उड़द उत्पादक क्षेत्रों को प्राथमिकता

उड़द उत्पादन वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए जिन 17 जिलों में खरीद की तैयारी पूरी कर ली गई है, उनमें ललितपुर, झांसी, महोबा, जालौन, हमीरपुर, बदायूं, बरेली, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रामपुर, संभल, बुलंदशहर, मुरादाबाद, सोनभद्र, सीतापुर और शाहजहांपुर शामिल हैं। इन जिलों में किसानों को अपने नजदीकी केंद्र पर फसल बेचने की सुविधा मिलेगी।

किसान-केंद्रित और सरल होगी पूरी प्रक्रिया

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक नेफेड के राज्य प्रमुख रोहित जैमन ने बताया कि प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल के निर्देशन में पूरी खरीद प्रक्रिया को तेज, सरल और किसान-केंद्रित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नेफेड का प्रयास है कि प्रदेश का हर पात्र किसान इस योजना का लाभ उठा सके और बिना किसी परेशानी के अपनी फसल बेच सके। यह पहल उत्तर प्रदेश के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article