कृषि

Moongphali Production: बुंदेलखंड बना मूंगफली उत्पादन का हब, यूपी सरकार दे रही जोरदार प्रोत्साहन

Moongphali Production: उत्तर प्रदेश सरकार मूंगफली की खेती को लगातार प्रोत्साहन दे रही है और खासतौर से बुंदेलखंड इलाका इसके लिए अनुकूल साबित हो रहा है। दावा किया गया कि सरकार के प्रयासों से ही उत्तर प्रदेश में मूंगफली की खेती का रकबा पिछले एक दशक में तेजी से बढ़ा है।

Image

उत्तर प्रदेश में मूंगफली की खेती को सरकार का बड़ा प्रोत्साहन

Photo : iStock

Moongphali Production: उत्तर प्रदेश सरकार मूंगफली की खेती को लगातार बढ़ावा दे रही है, खासतौर पर बुंदेलखंड क्षेत्र में। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को बताया गया कि राज्य में पिछले एक दशक में मूंगफली की खेती का रकबा तेजी से बढ़ा है।

2013-2016 में केवल 2% था यूपी का योगदान

आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, 2013 से 2016 के बीच उत्तर प्रदेश का मूंगफली उत्पादन में देश के कुल रकबे में योगदान सिर्फ 2% था। उस समय भारत में मूंगफली का कुल उत्पादन 79 लाख टन था, जिसमें उत्तर प्रदेश का हिस्सा मात्र 10 लाख टन था।

अब तक ढाई गुना बढ़ा उत्पादन

बयान में कहा गया कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकारों के प्रयासों से अब उत्तर प्रदेश में मूंगफली का उत्पादन करीब ढाई गुना बढ़ चुका है। इस वृद्धि का बड़ा हिस्सा बुंदेलखंड और उसके आस-पास के इलाकों में दर्ज किया गया है।

बुंदेलखंड को मिल रहा विशेष फोकस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुआई वाली सरकार का ध्यान खासतौर पर बुंदेलखंड पर केंद्रित है। विश्व बैंक समर्थित 'यूपी एग्रीज' परियोजना के तहत झांसी, जालौन, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा और चित्रकूट जिलों को शामिल किया गया है। इस योजना में झांसी को मूंगफली क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे राज्य से मूंगफली का निर्यात भी बढ़ेगा।

कई जिलों में हो रही है मूंगफली की खेती

बुंदेलखंड के अलावा अन्य जिलों में भी मूंगफली की खेती हो रही है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं: बांदा, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर, मैनपुरी, हरदोई, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, कासगंज, औरैया, कानपुर देहात, बदायूं, एटा, उन्नाव, लखनऊ, कानपुर नगर और श्रावस्ती।

किसानों को एमएसपी का लाभ

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार मूंगफली की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कर रही है। वर्तमान में एमएसपी 6,783 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है।

नेफेड और एनसीसीएफ को सौंपी गई खरीद की जिम्मेदारी

एमएसपी पर मूंगफली की खरीद के लिए सरकार ने विभिन्न एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी है। नेफेड: मैनपुरी, हरदोई, इटावा, एनसीसीएफ: फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, कासगंज, औरैया, कानपुर देहात, बदायूं, एटा, उन्नाव, लखनऊ, कानपुर नगर और श्रावस्ती से किसानों से मूंगफली की सीधी खरीद कर रही है। (भाषाा इनपुट के साथ)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article