कृषि

बिहार का दमदार प्रदर्शन: दूध, अंडा और मांस उत्पादन में जबरदस्त उछाल, राष्ट्रीय औसत से निकला आगे

Bihar Milk, Egg, Meat Production: बिहार में पिछले एक वर्ष में दूध, अंडा और मांस उत्पादन में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अंडा उत्पादन करीब 10% बढ़ा, जबकि दूध उत्पादन के मामले में राज्य देश में छठे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं मांस उत्पादन में 4.03% वृद्धि के साथ बिहार ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसे केंद्र सरकार के ताजा आंकड़ों में बताया गया है।

Image

देश में बिहार की चमक: दूध, अंडा और मांस उत्पादन में लगातार बढ़त (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Bihar Milk, Egg, Meat Production: बिहार में पिछले एक साल के दौरान दूध, अंडा और मांस के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हाल ही में भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयालक्ष्मी ने बुधवार (03 दिसंबर 2025) को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि बिहार ने दूध, अंडा और मांस उत्पादन की वार्षिक वृद्धि दर में राष्ट्रीय स्तर को पीछे छोड़ दिया है।

अंडा उत्पादन में 10% तक की बढ़त

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयालक्ष्मी ने बताया कि राज्य में अंडा उत्पादन में करीब 9.99 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह राष्ट्रीय औसत 4.44 प्रतिशत से काफी ज्यादा है।

दूध उत्पादन में देश में छठा स्थान

बिहार दूध उत्पादन के मामले में देश में छठे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में दूध उत्पादन की वृद्धि दर 4.24 प्रतिशत रही, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह सिर्फ 3.58 प्रतिशत है।

मांस उत्पादन में भी बेहतर प्रदर्शन

मांस उत्पादन में बिहार ने 4.03 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो राष्ट्रीय औसत 2.46 प्रतिशत से अधिक है। यह बताता है कि राज्य इस क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति कर रहा है।

लोगों को अब ज्यादा दूध, अंडा और मांस उपलब्ध

डॉ. विजयालक्ष्मी के अनुसार, राज्य में प्रति व्यक्ति उपलब्धता भी बढ़ी है।

  • दूध: 277 ग्राम प्रतिदिन से बढ़कर 285 ग्राम प्रतिदिन
  • अंडा: 27 अंडे प्रति वर्ष से बढ़कर 29 अंडे प्रति वर्ष
  • मांस: 3.19 किलोग्राम से बढ़कर 3.27 किलोग्राम प्रति वर्ष

मछली उत्पादन में भी बिहार बना आत्मनिर्भर

विभाग की विभिन्न योजनाओं की वजह से बिहार में मछली उत्पादन में भी तेजी से वृद्धि हुई है। वर्ष 2013-14 में जहां राज्य की राष्ट्रीय रैंकिंग नौवें स्थान पर थी, वह 2023-24 में बेहतर होकर चौथे स्थान पर पहुंच गई। विभाग का कहना है कि अब बिहार मछली उत्पादन में लगभग आत्मनिर्भर हो चुका है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article