मथुरा में धान की फसल की निराई करते समय आकाशीय बिजली गिरी, दो महिलाओं की झुलसने से दर्दनाक मौत, 2 हालत गंभीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 14, 2022, 11:03 PM IST

Lightning Fell In Mathura: मथुरा के थाना गोवर्धन इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं झुलस गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।

मथुरा में धान की फसल की निराई करते समय आकाशीय बिजली गिरी, दो महिलाओं की झुलसने से दर्दनाक मौत, 2 हालत गंभीर
Photo Credit: Representative Image

Lightning Fell In Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। आकाशीय बिजली ने रविवार को दो महिलाओं की जान ले ली। जबकि दो महिलाएं झुलस गईं। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। दरअसल, खेत में धान की फसल की निराई करते समय महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रुप से झुलस गईं। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर गोवर्धन थाना इलाके के महमदपुर बाईपास के पास महिलाएं एक खेत में खड़ी फसल की निराई कर रहीं थीं। 

महिलाएं फसल से खर-पतवार निकाल रहीं थीं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। गोवर्धन के दसबिसा निवासी माया देवी और नत्थो देवी अन्य महिलाओं के साथ करतार सिंह के खेत में कार्य करने में जुटीं थीं। 

महिलाओं पर गिरी बिजली, दो की मौत और दो झुलसीं

इस दौरान उनके साथ मोहल्ले की ही जशोदा और राजन देव भी उनसे कुछ दूरी पर खर-पतवार निकाल रहीं थीं। इसी बीच अचानक तेज बारिश के साथ बिजली कड़की। खेत में काम कर रहीं महिलाओं पर यह बिजली गिर गई। जिससे माया देवी और नत्थों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उनकी साथी महिला जशोदा और राजन गंभीर रूप से झुलस गईं। बिजली गिरने से मौत की खबर सुनते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। 

सीएम योगी ने जताया शोक

आनन-फानन जशोदा और राजन देव को अस्पताल ले जाया गया। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि, माया देवी के तीन बच्चे हैं और नत्थो देवी के दो बच्चे हैं। दोनों की घर की हालत ठीक नहीं थी। परिवार के पालन-पोषण के लिए दोनों मजदूरी करने के लिए जाती थीं। दोनों के पति भी मजदूरी करते हैं। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में आकाशीय बिजली गिरने से हुई दो महिलाओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!