दुनिया

जेलेंस्की चाहें तो तुरंत रुकवा सकते हैं जंग...व्हाइट हाउस में मुलाकात से पहले ट्रंप ने यूक्रेन को दबाव में डाला

व्हाइट हाउस में जेलेंस्की से अहम मुलाकात से पहले ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध समझौते को लेकर बड़ा बयान देते हुए जेलेंस्की को दबाव में ला दिया है। क्या कहा है ट्र्ंप ने जानिए...

Image

ट्रंप की जेलेंस्की को नसीहत (AP)

Donald Trump-Zelenskyy Meeting: अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले ही कोई परिणाम हासिल करने में विफल रहे, लेकिन उन्होंने गेंद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के पाले में डालने की कोशिश की है। व्हाइट हाउस में जेलेंस्की से अहम मुलाकात से पहले ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध समझौते को लेकर बड़ा बयान देते हुए यूक्रेन को दबाव में ला दिया है। पुतिन को समझाने में विफल रहे ट्रंप ने जेलेंस्की को युद्ध समाप्त करने की नसीहत दी है। आज व्हाइट हाउस में ट्रंप की जेलेंस्की और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात होनी है। इस मुलाकात से पहले ट्रंप ने अहम बयान दिया है।

ट्रंप की जेलेंस्की को युद्ध रोकने की नसीहत

डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट किया, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ युद्ध लगभग तुरंत समाप्त कर सकते हैं, या फिर लड़ाई जारी रख सकते हैं। याद कीजिए कि इसकी शुरुआत कैसे हुई थी। ओबामा द्वारा दिया गया क्रीमिया वापस नहीं मिलेगा (12 साल पहले, बिना एक भी गोली चलाए!), और यूक्रेन का नाटो में शामिल होना भी संभव नहीं। कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं।

पुतिन-ट्रंप बातचीत रही बेनतीजा

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए 15 अगस्त 2025 को अलास्का के एंकोरेज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम बैठक हुई था। करीब तीन घंटे चली यह बैठक सार्थक व सकारात्मक तो रही लेकिन युद्ध खत्म करने पर कोई डील या समझौता नहीं हो पाया। हालांकि, दोनों नेताओं ने अपनी इस बैठक पर संतोष जताया। रूसी राष्ट्रपति ने अगले दौर की बातचीत के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को मास्को आने का न्योता दिया जिस पर उन्होंने हामी भी रही।

इसी दौरान पुतिन ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बड़ी बात कही। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि साल 2022 में अगर ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति होते तो संभवत: यह युद्ध शुरू नहीं होता। खास बात यह है कि पुतिन ने वही बात कही जिसे ट्रंप दूसरी बार राष्ट्रपति बनने से पहले दोहराते आए हैं। ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि बाइडेन की जगह अगर वह राष्ट्रपति होते तो रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई शुरू नहीं हुई होती।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article