Trump-Zelenskyy Meeting: न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र चल रहा है। मंगलवार को इस सत्र के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यूकेन के अपने समकक्ष वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात हुई। इस मुलाकात के दौरान ट्रंप ने जेलेंस्की से कहा कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन यानी NATO के हवाई क्षेत्र में यदि रूस के फाइटर जेट्स आते हैं, तो वे उन्हें मारकर गिरा सकते हैं। ट्रंप से यह पूछा गया था कि नाटो के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने पर क्या रूसी फाइटर जेट्स को मार गिराना चाहिए? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि 'हां, वह भी ऐसा सोचते हैं।'
'पुतिन पर कितना भरोसा है, 1 महीने में बताऊंगा'
ट्रंप से यह भी पूछा गया कि क्या वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर अभी भी भरोसा करते हैं, इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि 'वह इस बारे में एक महीने में बता देंगे।' ट्रंप के साथ मुलाकात के बाद जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ उनकी मुलाकात सकारात्मक रही। उन्होंने कहा, 'बैठक अच्छी रही।' इससे पहले जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अमेरिका और यूरोप से रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
अपने मूल स्वरूप को पा सकता है यूक्रेन-ट्रंप
ट्रंप ने मंगलवार को यह भी कहा कि यूक्रेन रूस के कब्जे में गए सभी क्षेत्रों को वापस हासिल कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात के तुरंत बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपना रुख स्पष्ट किया। ट्रंप ने लिखा, 'मुझे लगता है कि यूरोपीय संघ के समर्थन से यूक्रेन लड़ने और पूरे यूक्रेन को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने की स्थिति में है। समय, धैर्य और यूरोप तथा विशेष रूप से नाटो के वित्तीय समर्थन के साथ उन मूल सीमाओं वाली स्थिति में पहुंचने का विकल्प संभव है जिससे यह युद्ध शुरू हुआ था।’
जेलेंस्की ने ट्रंप से अतिरिक्त मदद मांगी
जेलेंस्की ने रूस के मिसाइल, ड्रोन और बम हमलों से अपने देश को बचाने के लिए अमेरिका की अतिरिक्त मदद मांगी। दोनों राष्ट्रपतियों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर एक दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया। ट्रंप ने जेलेंस्की से कहा, ‘यूक्रेन जो लड़ाई लड़ रहा है, हम उसे बहुत सम्मान से देखते हैं।’ जेलेंस्की ने जवाब में कहा कि उन्हें युद्ध क्षेत्र से अच्छी खबर मिली है। उन्होंने कहा, ‘हम इस बारे में बात करेंगे कि युद्ध को कैसे समाप्त किया जाए।’ यूक्रेन के राष्ट्रपति ने इस युद्ध को रुकवाने के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रयास करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया।
