Red Sea Attack: यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में 'इटरनिटी सी' जहाज पर हमला कर उसे डुबोने का दावा किया। पिछले कुछ दिनों में इस तरह का यह दूसरा बड़ा हमला है। यूरोपीय संघ नौसैनिक बल ने बताया कि डूबे 'इटरनिटी सी' जहाज के क्रू मेंबर्स के छह सदस्यों को बचाया गया, लेकिन 19 अन्य अभी भी लापता हैं।
हूती विद्रोहियों के ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने एक पूर्व रिकॉर्डेड वीडियो संदेश जारी किया जिसमें 'इटरनिटी सी' जहाज को डुबोने का दावा किया। 'इटरनिटी सी' जहाज पर यह हमला ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा रविवार को लाल सागर में एक अन्य जहाज पर किए गए हमले के बाद हुआ।
कब और कैसे डूबा जहाज?
बचाव अभियान में शामिल सुरक्षा कंपनियों के सूत्रों ने बताया कि 'इटरनिटी सी' जहाज पर सवार 25 लोगों में से चार की मौत हो गई है, जबकि बाकी क्रू मेंबर्स जहाज को छोड़कर चले गए। यह जहाज सोमवार और मंगलवार को हुए हमले के बाद बुधवार सुबह डूब गया।
यूरोपीय संघ के 'ऑपरेशन एस्पाइड्स' के बयान में कहा गया है कि जहाज के चालक दल में फिलीपीन के 21 और एक रूसी नाविक थे, साथ ही तीन सदस्यीय सुरक्षा दल भी था। बचाए गए लोगों में फिलीपीन के पांच और एक भारतीय शामिल हैं। यूरोपीय संघ का 'ऑपरेशन एस्पाइड्स' लाल सागर में जहाजों की सुरक्षा के लिए एक सैन्य अभियान है।
