दुनिया

मराठी भाषा, क्रिकेट और गुलाब जामुन... इजरायल के डिमोना शहर को कैसे मिला 'लिटिल इंडिया' का नाम?

Israel-Iran War:ईरान ने शनिवार देर रात इजरायल के डिमोना शहर पर मिसाइल हमले किए। इस हमले में कई लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। दक्षिणी इजरायल के नेगेव डिजर्ट में स्थित डिमोना शहर को लिटिल इंडिया कहा जाता है। भारत से बड़ी संख्या में यहूदी, वहां जाकर बस गए। हिब्रू भाषा का शब्द डिमोना का हिंदी अर्थ होता है दक्षिण। आइए जानते हैं कि इस शहर का भारत से कितना गहरा नाता है।

Image

आइए जानते हैं कि इजरायल के डिमोना शहर को लिटिल इंडिया क्यों कहा जाता है।

Photo : iStock

Israel-Iran War: इजरायल-ईरान संघर्ष ने शनिवार देर रात (21 मार्च) एक भीषण रूप ले लिया। दरअसल, ईरान ने इजरायल के अराद और डिमोना (Dimona) शहर पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमले किए। इजरायली सेना ने दावा किया कि इस हमले में बच्चे सहित 100 लोग घायल हो गए।

डिमोना शहर में इजरायल का अत्यंत संवेदनशील परमाणु अनुसंधान केंद्र स्थित है। गनीमत रही कि मिसाइल हमले से परमाणु केंद्र को नुकसान नहीं पहुंचा। हाल ही में इजरायल ने ईरान के परमाणु केंद्र नतांज पर एयर स्ट्राइक की थी। ईरान ने बदला लेने के लिए इन शहरों में एयर स्ट्राइक की। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे “डिफिकल्ट नाईट (कठिन रात)” कह दिया है।

दक्षिणी इजरायल के नेगेव रेगिस्तान में स्थित डिमोना शहर को लिटिल इंडिया कहा जाता है। भारत से बड़ी संख्या में यहूदी वहां जाकर बस गए। हिब्रू भाषा का शब्द डिमोना का हिंदी अर्थ होता है दक्षिण। मृत सागर से 35 किलोमीटर पश्चिम में बसे इस शहर की स्थापना 1950 में हुई थी। इस शहर की नींव इजरायल के तत्कालीन प्रधानमंत्री डेविड बेन-गुरियन की लीडरशिप में रखी गई थी।

israel iran war

ईरान ने डिमोना शहर पर किया हमला। AP

भारतीय मूल के यहूदियों की बड़ी आबादी

डिमोना को “लिटिल इंडिया” कहे जाने की सबसे बड़ी वजह यहां रहने वाली भारतीय मूल के यहूदियों की बड़ी आबादी है। शहर में करीब 7,000–8,000 लोग भारतीय जड़ों से जुड़े हैं, जो कुल आबादी का लगभग 30 प्रतिशत हैं। इनमें से अधिकांश बेने इज़राइल समुदाय से आते हैं, जिनकी जड़ें महाराष्ट्र से जुड़ी हैं।

भारत से आज भी मजबूत जुड़ाव

इजरायल में बसने के बावजूद इन लोगों का भारत से रिश्ता आज भी बेहद गहरा है। घरों में मराठी बोली जाती है, पारंपरिक भारतीय त्योहार मनाए जाते हैं और शादी-ब्याह में भारतीय रीति-रिवाज अपनाए जाते हैं। यहां रहकर भी लोग अपनी भारतीय पहचान को जीवित रखते हैं, जिससे पूरे शहर में “छोटा भारत” जैसा माहौल नजर आता है।

israel iran war

डिमोना शहर के कई घरों में बोली जाती है मराठी भाषा।

भारतीय बाजार और स्वाद की झलक

डिमोना की गलियों में भारतीय दुकानों की भरमार है। यहां मसाले, मिठाइयां और कई देसी सामान आसानी से मिल जाते हैं। ‘सोनपापड़ी’, ‘गुलाब जामुन’, ‘भेलपुरी’ और ‘पापड़ी चाट’ जैसे भारतीय व्यंजन न सिर्फ उपलब्ध हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं।

क्रिकेट और भारतीय लाइफस्टाइल

डिमोना में क्रिकेट बेहद लोकप्रिय खेल है, खासकर युवाओं के बीच। इसके अलावा, भारतीय फिल्मों, संगीत और फैशन का प्रभाव भी साफ दिखाई देता है। नई पीढ़ी भी इन चीजों के जरिए अपनी जड़ों से जुड़ी रहती है। डिमोना को सिर्फ “लिटिल इंडिया” कहना ही काफी नहीं है, यह शहर भारत और इजरायल के मजबूत संबंधों का प्रतीक भी है। यहां रहने वाले लोग दोनों देशों के बीच एक सांस्कृतिक पुल की तरह काम करते हैं और अपनी परंपराओं के जरिए इस रिश्ते को और मजबूत बनाते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article