दुनिया

Hantavirus Outbreak: कहां है सेंट हेलना द्वीप, जहां पर जानलेवा हंतावायरस से पीड़ित 40 यात्री उतरे हैं

Hantavirus Outbreak: अटलांटिक महासागर में एक क्रूज जहाज पर हंता वायरस के प्रकोप के कारण एक बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। कई और इस वायरस से पीड़ित हैं।

Image

हंतावायरस प्रकोप से प्रभावित जहाज से लगभग 40 यात्री सेंट हेलेना द्वीप पर उतरे (फोटो- AP)

Hantavirus Outbreak: जानलेवा हंतावायरस से पीड़ित करीब 40 यात्री सेंट हेलना द्वीप पर पहुंच गए हैं। AP की रिपोर्ट के अनुसार नीदरलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित एक छोटे, चट्टानी द्वीप सेंट हेलेना में रुकने के दौरान लगभग 40 यात्रियों ने जहाज छोड़ दिया। इन लोगों में वह महिला भी शामिल है जिसके पति (नीदरलैंड का नागरिक) की मौत हो गई थी।

कई देशों के नागरिक हैं शामिल

स्थानीय समयानुसार बुधवार देर शाम संसद को भेजे गए एक पत्र में विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन ने कहा कि दूरस्थ द्वीप पर उतरने वालों में एक डच महिला शामिल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा इसमें एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक और स्विट्जरलैंड का व्यक्ति भी शामिल है जिसका वर्तमान में इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह पुष्टि नहीं की कि जहाज से उतर गए यात्री अब कहां हैं।

कहां है सेंट हेलेना द्वीप?

सेंट हेलेना द्वीप, जो अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के बीच दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित है, दुनिया के सबसे दूरस्थ आबादी वाले द्वीपों में गिना जाता है। ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटना वहां प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल जहाज पर मौजूद बाकी यात्रियों और चालक दल की स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

क्या है हंता वायरस?

हंतावायरस एक दुर्लभ लेकिन खतरनाक वायरल संक्रमण माना जाता है, जो मुख्य रूप से संक्रमित चूहों या उनके मल-मूत्र के संपर्क में आने से फैलता है। गंभीर मामलों में यह संक्रमण फेफड़ों और श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यात्रा के दौरान या दक्षिण अमेरिका के बंदरगाह (उशुआिया, अर्जेंटीना) से जहाज पर चढ़ने से पहले, कोई यात्री या चालक दल का सदस्य किसी संक्रमित चूहे के संपर्क में आया होगा। बाद में इसी से यह वायरल क्रूज पर फैला होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article