Delhi Blast: दिल्ली में हुए ब्लास्ट के पीछे क्या पाकिस्तान का हाथ था? ऐसा इसलिए पूछा जा रहा है, क्योंकि पाकिस्तानी नेता का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उसने दिल्ली से लेकर कश्मीर के जंगलों तक कई आतंकी हमले को अंजाम देने की बात कबूली है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वायरल हो रहे वीडियो में पाकिस्तानी नेता और पीओके के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी अनवारुल हक दिखाई दे रहे हैं, जो यह दावा कर रहे हैं कि मैंने कहा था कि अगर आप बलूचिस्तान को खून से लथपथ करते रहेंगे तो हम लाल किले से लेकर कश्मीर के जंगलों तक भारत पर हमला करेंगे और हमने यह करके भी दिखाया। वे अभी भी शवों की गिनती नहीं कर पा रहे हैं।
पाकिस्तानी नेता का कबूलनामा
पाकिस्तानी नेता ने आगे दावा किया, ''कुछ दिनों बाद हथियारबंद लोग दिल्ली में घुस आए और हमला कर दिया। उन्होंने अभी तक शायद सभी शवों की गिनती नहीं की है।'' पाकिस्तानी नेता का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक ब्लास्ट हुआ जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। हालांकि, टाइम्स नाउ नवभारत पाकिस्तानी नेता के वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो के मुताबिक, पाकिस्तानी नेता ने सार्वजनिक मंच पर आतंकी हमले की बात कबूली। सनद रहे कि 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में i20 कार का इस्तेमाल हुआ था। इस कार को सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के मेंबर डॉ उमर उन नबी चला रहा था। धमाका उस वक्त हुआ जब धीमी गति से चलती हुई i20 कार एक ट्रैफिक सिग्नल के पास पहुंची।
