'हम विकसित भारत बनाकर रहेंगे, संकल्प को करेंगे सिद्ध', कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय से बोले PM मोदी
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Feb 7, 2026, 05:05 PM IST
PM Modi In Malaysia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मलेशियाई प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी से न सिर्फ स्वागत किया, बल्कि अपनी कार में बैठाकर भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में ले गए, जहां पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उनकी जमकर प्रशंसा की।
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित (फोटो साभार: @BJP4India)
PM Modi In Malaysia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मलेशिया के कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान, उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मैं आसियान सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ पाया था, लेकिन मैंने अपने दोस्त से वादा किया था कि मैं जल्द ही मलेशिया आऊंगा।
मलेशिया में PM मोदी का भव्य स्वागत
पीएम मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री इब्राहिम को भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ''...आपके स्वागत की गर्मजोशी हमारी साझा संस्कृति की खूबसूरत विविधता को दर्शाती है। सबसे पहले मैं अपने प्रिय मित्र अनवर इब्राहिम का धन्यवाद देता हूं, जो इस सामुदायिक समारोह में शामिल हुए। उन्होंने अभी अपने भाषण में भारत-मलेशिया दोस्ती के व्यापक स्तर और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं पर जो उदार शब्द कहे, उसके लिए भी मैं उनका आभारी हूं।''
पीएम मोदी ने आगे कहा कि वे (अनवर इब्राहिम) मुझे लेने एयरपोर्ट भी आए और अपनी कार से यहां लेकर आए। सिर्फ अपनी कार ही नहीं, उन्होंने अपनी सीट भी मुझे दी। यह विशेष सम्मान भारत और आप सभी के प्रति उनके प्रेम और आदर को दर्शाता है।''
PM मोदी की साल की पहली विदेश यात्रा
पीएम मोदी ने कहा, ''पिछले साल, मैं आसियान सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ पाया था, लेकिन मैंने अपने दोस्त से वादा किया था कि मैं जल्द ही मलेशिया आऊंगा। मैं वादे के मुताबिक यहां हूं। यह 2026 की मेरी पहली विदेशी यात्रा है...।''
PM मोदी ने की कलाकारों की प्रशंसा
उन्होंने कहा कि हमने अभी-अभी एक रिकॉर्ड तोड़ सांस्कृतिक प्रदर्शन देखा। 800 डांसरों ने बेहतरीन तालमेल के साथ प्रस्तुति दी। यह प्रदर्शन हमारे लोग आने वाले कई सालों तक याद रहेगा। मैं सभी कलाकारों को बधाई देता हूं।"
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि मलेशिया में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय मूल का समुदाय है। ऐसी बहुत सी चीज़ें हैं, जो भारतीय और मलेशियाई दिलों को जोड़ती हैं... आप वह जीवित पुल हैं, जो हमें आपस में जोड़ता है। आपने रोटी चनाई को मालाबार परोट्टा से जोड़ा है। नारियल, मसाले और निश्चित रूप से तेह तारिक... इनके स्वाद कुआलालंपुर हों या कोच्चि, जाने-पहचाने से लगते हैं।
'भारत की करें यात्रा'
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भारत की यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा, ''मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक लोग यात्रा करें और अतुल्य भारत का अनुभव लें। साथ ही, अपने मित्रों को भी अवश्य साथ लाएं, अकेले न आएं, क्योंकि लोगों के बीच आपसी संपर्क ही हमारी मित्रता की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि जब वर्ष 2015 में हम मिले थे, तब मैंने आपसे भारत की संभावनाओं की बात की थी। आज मैं आपसे भारत के प्रदर्शन की बात कर रहा हूं। केवल एक दशक में भारत ने एक व्यापक परिवर्तन देखा है। तब हम विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थे, और आज हम शीर्ष तीन की ओर तेज़ी से अग्रसर हैं। भारत आज विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था भी है। उस समय मेक इन इंडिया एक छोटा सा पौधा था, जिसे अभी-अभी रोपा गया था।
'भारत बन गया विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअब हब'
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फ़ोन निर्माता बन चुका है। वर्ष 2014 के बाद से हमारे रक्षा निर्यात में लगभग तीस गुना वृद्धि हुई है। भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब भी बन गया है। उन्होंने कहा कि हमने विश्व की सबसे बड़ी डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और दुनिया का सबसे बड़ा फिनटेक इकोसिस्टम तैयार किया है। विश्व में होने वाले लगभग आधे रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन आज भारत में ही होते हैं, जो हमारे यूपीआई प्लेटफ़ॉर्म की बदौलत संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि तेज़ी से विकास करते हुए हमने यह भी सुनिश्चित किया है कि हमारा विकास स्वच्छ और हरित हो। उदाहरण के लिए, केवल एक दशक में भारत की सौर ऊर्जा क्षमता में लगभग चालीस गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि पहले भारत को केवल एक विशाल बाज़ार के रूप में देखा जाता था। आज हम निवेश और व्यापार का एक प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। भारत को अब विकास के लिए एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखा जाता है- चाहे वह ब्रिटेन हो, संयुक्त राज्य अमेरिका हो, ऑस्ट्रेलिया हो, न्यूज़ीलैंड हो, ओमान हो या यूरोपीय संघ। उन्होंने कहा कि दुनिया के अनेक देशों ने भारत के साथ व्यापार समझौते किए हैं। भरोसा आज भारत की सबसे बड़ी ताकत और सबसे मज़बूत मुद्रा बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत आपको हमेशा खुले दिल से अपनाएगा। इसी भावना के साथ, कुछ ही महीने पहले हमने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया। हमने मलेशिया में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिकों के लिए ओसीआई कार्ड की पात्रता को छठी पीढ़ी तक बढ़ा दिया है।
'विकसित भारत बनाकर रहेंगे'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि विकसित भारत बनाकर रहेंगे ,हम संकल्प को सिद्ध करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाना है ना? विकसित भारत बनाकर रहेंगे कि नहीं रहेंगे? हम अपने सपनों को साकार करेंगे कि नहीं करेंगे? हम सपनों को संकल्प में बदलेंगे कि नहीं बदलेंगे? हम संकल्प को सिद्ध करके रहेंगे कि नहीं रहेंगे? उन्होंने कहा कि इस यात्रा में हमारे प्रवासी भारतीय (भारतीय प्रवासी समुदाय) हमारे अमूल्य साझेदार हैं। चाहे आपका जन्म कुआलालंपुर में हुआ हो या कोलकाता में, भारत आपके हृदय में बसता है। आप मलेशिया और भारत, दोनों की प्रगति का सक्रिय हिस्सा हैं। आप समृद्ध मलेशिया और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
