दुनिया

वियतनाम नाव हादसे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्पीडबोट के कप्तान को हिरासत में लिया; 15 भारतीयों की हुई थी मौत

Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास नाव पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत मामले में स्थानीय पुलिस ने स्पीडबोट के कप्तान को हिरासत में लिया है।

Image

वियतनाम नौका हादसा (फाइल फोटो)

Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास नाव पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत मामले में स्थानीय पुलिस ने स्पीडबोट के कप्तान को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, कप्तान पर जलमार्ग परिवहन सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन का आरोप है और उससे पूछताछ की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, 57 वर्षीय कप्तान गुयेन होंग हाई के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। यह हादसा शनिवार दोपहर वियतनाम के सबसे बड़े द्वीप फु क्वोक के पास स्थित होन मे रुट नगोआई द्वीप से रवाना होने के कुछ ही देर बाद हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। तट से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर अचानक नाव पलट गई, जिससे 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के निवासी थे। भारतीय दूतावास के मुताबिक, मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

वियतनामी अधिकारी हादसे के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। शुरुआती जांच में जलमार्ग सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन की आशंका जताई गई, जिसके चलते नाव के कप्तान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे में जीवित बचे एक शख्स के मुताबिक, 3 सेकंड के भीतर सबकुछ खत्म हो गया। एक ऊंची लहर नाव से टकराई और उसके महज तीन सेकंड के भीतर ही नाव पलट गई।

जल्द स्वदेश भेजे जाएंगे शव

दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''शनिवार को हुए दुखद नौका हादसे में मारे गए 15 भारतीय नागरिकों के शव हो ची मिन्ह सिटी ले जाए जा रहे हैं जो रविवार शाम तक वहां पहुंच जाएंगे।'' इसने कहा, ''हो ची मिन्ह सिटी में औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव जल्द से जल्द भारत भेजे जाएंगे।'' दूतावास ने कहा कि उसकी टीम वियतनाम के प्राधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रही हैं। वियतनामी प्राधिकारियों ने शव जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article