देश

मुंबई हमला : कसाब से हेडली तक, कैसे बेनकाब हुई 26/11 के पीछे की पूरी साजिश?

शुरू में पाकिस्तान ने कहा कि कसाब पाकिस्तानी है ही नहीं। लेकिन कसाब ने पूछताछ में बता दिया कि वह पंजाब (पाकिस्तान) के फरीदकोट गांव का रहने वाला है। पाकिस्तानी मीडिया खुद उस गांव पहुंच गई, और इनकार की दीवार दरकने लगी। कसाब ने लश्कर-ए-तैयबा के ट्रेनिंग कैंप, समुद्री अभ्यास और हैंडलर्स के बारे में सब बताया।

Image

26 नवंबर 2008 को हुआ मुंबई में भीषण आतंकी हमला।

Mumbai terror attack : 26 नवंबर 2008, रात लगभग 8 बजे। कराची से निकली एक नाव अरब सागर में भारतीय मछली पकड़ने वाली ट्रॉलर 'कुबेर' के पास आकर रुकी। दस आतंकी उस पर सवार हुए और कप्तान अमर सिंह सोलंकी की हत्या कर दी। उन्होंने नाविक को जबरदस्ती रास्ता दिखाने के लिए इस्तेमाल किया। फिर रबर की नावों में बैठकर वे मुंबई के कफ परेड तट पर उतरे। मछुआरों ने उन्हें देखा, लेकिन किसी ने सोचा नहीं कि ये मौत के मेहमान हैं।

अगले साठ घंटों में सीएसटी स्टेशन, ताज होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट, लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस खून से लाल हो गए। 166 लोग मारे गए। पूरा देश टीवी के सामने सांस रोके बैठा रहा।

वो एक जिंदा चेहरा

इस हमले की पूरी साजिश खुल पाई, तो इसकी वजह एक आदमी का जिदा पकड़ा जाना था। गिरगांव चौपाटी पर पुलिस ने नाकाबंदी की थी। एक कार रुकी, जिसमें अजमल कसाब और इस्माइल खान थे। इस्माइल मारा गया। कसाब ने गोली चलाई, पर सहायक उप-निरीक्षक तुकाराम ओंबले ने उसकी राइफल की नली को दोनों हाथों से पकड़ लिया और सीने पर गोलियां खाते रहे, पर पकड़ ढीली नहीं की। ओंबले शहीद हुए, लेकिन उनकी वजह से दुनिया को जिंदा सबूत मिल गया।

terror

terror

पाकिस्तान का इनकार, सच की दस्तक

शुरू में पाकिस्तान ने कहा कि कसाब पाकिस्तानी है ही नहीं। लेकिन कसाब ने पूछताछ में बता दिया कि वह पंजाब (पाकिस्तान) के फरीदकोट गांव का रहने वाला है। पाकिस्तानी मीडिया खुद उस गांव पहुंच गई, और इनकार की दीवार दरकने लगी। कसाब ने लश्कर-ए-तैयबा के ट्रेनिंग कैंप, समुद्री अभ्यास और हैंडलर्स के बारे में सब बताया। रही-सही कमी 'कुबेर' से मिली सैटेलाइट फोन और GPS ने पूरी कर दी। हमले के दौरान पकड़ी गई कॉल्स में कराची के कंट्रोल रूम से आतंकियों को निर्देश दिए जा रहे थे। हमला पाकिस्तान की जमीन से रिमोट कंट्रोल किया जा रहा था। इन्हीं निर्देशों से लश्कर के ज़की-उर-रहमान लखवी और हैंडलर्स के नाम सामने आए।

फिर आया एक अमेरिकी चेहरा

अक्टूबर 2009 में शिकागो हवाई अड्डे पर FBI ने डेविड कोलमैन हेडली को गिरफ्तार किया। उसका असली नाम दाऊद गिलानी था। पिता पाकिस्तानी, मां अमेरिकी। पासपोर्ट अमेरिकी, इसलिए भारत में उसे कोई शक की नजर से नहीं देखता था। पूछताछ में जो खुला, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। हेडली 2006 से 2008 के बीच कई बार मुंबई आया था। वह फिल्म बनाने और इमिग्रेशन कारोबार के नाम पर घूमता रहा। उसने ताज, नरीमन हाउस और दूसरे ठिकानों की वीडियो रेकी की, GPS पॉइंट लिए और समुद्र के रास्ते भी जांचे। यह सारी जानकारी लश्कर के साजिद मीर और पाकिस्तानी खुफिया तंत्र से जुड़े अफसरों तक पहुंचती रही। उसका करीबी दोस्त तहव्वुर राणा, जिसकी इमिग्रेशन कंपनी उसे कवर देती थी, भी इस जाल में आया। राणा को अप्रैल 2025 में भारत प्रत्यर्पित किया गया।

kasab

kasab

हेडली ने अमेरिका में गुनाह कबूल किया। बदले में उसे मौत की सजा और भारत प्रत्यर्पण से राहत मिली, और 2013 में उसे 35 साल की सजा सुनाई गई।

न्याय की अधूरी कहानी

21 नवंबर 2012 को कसाब को पुणे की यरवदा जेल में फांसी दी गई। यह सब इतनी गोपनीयता से हुआ कि खबर बाहर आने तक काम पूरा हो चुका था। वहीं पाकिस्तान में लखवी और हाफिज सईद जैसे नामों पर मुकदमे की रफ्तार बेहद धीमी रही। कसाब ने बताया कि हमला किसने कराया। हेडली ने बताया कि यह कितनी बारीकी से रचा गया था। और दोनों की कहानियों को जोड़ें, तो साफ दिखता है कि 26/11 अचानक हुआ हमला नहीं था। यह सालों की तैयारी थी, जिसकी जड़ें सरहद पार तक जाती थीं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article