Russia-Ukraine War: युद्ध से पैदा हुआ मानवीय संकट, रोती-बिलखती मदद की गुहार लगाती नजर आई महिला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 24, 2022, 04:30 PM IST

युद्ध अपने साथ मानवीय संकट भी लेकर आता है। रूस ने जब यूक्रेन पर हमला किया तो सिर्फ संपत्ति का नुकसान नहीं है, बल्कि लोगों की जान जानी भी तय है। युद्ध मानवीय संवेदनाओं पर गहरी चोट करता है। यूक्रेन के मरियापोल शहर से आया रोती-बि‍लखती महिला का यह वीडियो इसी को बयां करता है।

Russia-Ukraine War: युद्ध अपने साथ हमेशा तबाही लिए आता है। यूक्रेन भी इसका अपवाद नहीं है, जो इस समय रूसी हमले की आग में झुलस रहा है। बीते कई दिनों के तनाव के बाद रूस ने गुरुवार सुबह यूक्रेन पर हमला कर दिया, जिसके बाद राजधानी कीव सहित यूक्रेन के कई हिस्‍सों में धमाकों की आवाजें सुनी जा रही हैं। रूसी लड़ाकू विमानों, हेलिकॉप्टर्स और टैंकों की गर्जना खौफ पैदा कर रही है।

यूक्रेन ने रूस के हमले में अब तक अपने 40 से अधिक सैनिकों के मारे जाने और कई अन्‍य के घायल होने की बात कही है। साथ ही उसने रूस के साथ अपने अपने कूटनीतिक संबंध भी तोड़ लिए हैं। यूक्रेन की गलियों, सड़कों पर तबाही का मंजर सरेआम देखा जा सकता है, जहां कई लोग युद्ध को रोकने और हमले से बचने की अपील करते नजर आ रहे हैं। मदद की गुहार लगाती एक महिला का वीडियो युद्ध की विभीषिका को बयां करता है।

बमबारी से थर्राया यूक्रेन

यूक्रेन के सैन्‍य ठिकाने पर रूस ने सुबह 5 बजे बमबारी की थी, जिससे पूरा शहर थर्रा गया। यूक्रेन की शहरों में सड़कों पर रूसी सेना और टैंक देखे जा रहे हैं तो आसमान से लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्‍टर बम बरसा रहे हैं। कोई अपनी बिल्डिंग में छुपा है तो कोई अंडरग्राउंड मेट्रो के अंदर। बदले हालात के बीच लोगों में खौफ बढ़ता जा रहा है। किसी को कुछ भी समझ नहीं आ रहा। सभी बस किसी तरह जान बचाने की जद्दोजहद में हैं।

युद्ध से पैदा हुए इस मानवीय संकट को यूक्रेन की उस महिला की हालत से समझा जा सकता है, जो रोती-बिलखती मदद की गुहार लगा रही है। यह वीडियो यूक्रेन के मरियापोल शहर का है, जहां रूसी हमले में कई लोगों ने जान गंवाई है। स्‍थानीय प्रशासन का कहना है कि रूस ने यहां एयरपोर्ट और आसपास के गांव को निशाना बनाया है। इसी शहर में महिला रोती-बिलखती मदद की अपील करती नजर आ रही है।
 

End of Article