अमेरिकी सेना ने पूर्वी प्रशांत महासागर में नशीले पदार्थों की कथित तस्करी में शामिल चार जहाजो पर हवाई हमले किए हैं। युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने मंगलवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बताया कि इन हमलों में कुल 14 लोग मारे गए हैं जबकि एक व्यक्ति जीवित बचा है। हेगसेथ के मुताबिक ये हमले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर किए गए। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पहले से ही इन जहाजों की गतिविधियों की जानकारी थी और यह पुष्टि हुई थी कि वे नशीले पदार्थों से लदे हुए हैं।
अमेरिका ने क्या कहा
हमलों के बाद अमेरिकी सेना ने तुरंत एक सर्च एंड रेस्क्यू मिशन शुरू किया ताकि जीवित बचे व्यक्ति को बचाया जा सके। बाद में मेक्सिको के समुद्री अधिकारियों ने इस अभियान की कमान संभाली। हालांकि, बचे हुए व्यक्ति की हालत या स्थान के बारे में कोई जानकारी जारी नहीं की गई है। हेगसेथ ने कहा कि सितंबर की शुरुआत से अब तक कैरेबियन और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में चल रहे “नार्को-टेररिस्ट नेटवर्क” के खिलाफ ट्रंप प्रशासन के अभियान में कुल मृतकों की संख्या 50 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा, “पहले हमले में आठ पुरुष नार्को-टेररिस्ट मारे गए, दूसरे हमले में चार और तीसरे में तीन व्यक्ति मारे गए। कुल 14 की मौत हुई और एक व्यक्ति को जीवित बचाया गया। किसी भी अमेरिकी सैनिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।”
अमेरिका ड्रग्स तस्करों के खिलाफ सख्त
उन्होंने इसे अमेरिकी सुरक्षा नीति में एक बड़े रणनीतिक बदलाव के रूप में बताया- यानी अब अमेरिका विदेशी युद्धों के बजाय अपने नजदीकी इलाकों से आने वाले खतरों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। हेगसेथ ने कहा, “इन नार्को-टेररिस्टों ने अल-कायदा से ज्यादा अमेरिकियों की जान ली है, और अब उन्हें उसी तरह से खत्म किया जाएगा। हम उनका पता लगाएंगे, उनके नेटवर्क को तोड़ेंगे और उन्हें ढूंढकर मार डालेंगे।”
