ईरान और उसके समर्थित आतंकवादी संगठनों द्वारा बढ़ते हमलों के बीच बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने इराक में मौजूद सभी अमेरिकी नागरिकों से तत्काल देश छोड़ने की अपील की है। दूतावास ने लेवल-4 की कड़ी चेतावनी दोहराते हुए कहा कि इराक में अमेरिकियों की सुरक्षा गंभीर जोखिम में है। दूतावास ने चेतावनी दी है कि ईरान और उसके सहयोगी आतंकी समूह, बगदाद, सुलेमानिया, दोहुक सहित इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र (IKR) के कई ऐसे ठिकानों को निशाना बना सकते हैं जहां अमेरिकी उपस्थिति या संबंध मौजूद हैं। इसमें अमेरिकी विश्वविद्यालय, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, दूतावास परिसरों के अलावा अमेरिकी सहयोग से संचालित संस्थान शामिल हैं। पहले भी इन समूहों ने अमेरिकी ठिकानों, वाणिज्यिक हवाई अड्डों, होटलों और ऊर्जा ठिकानों पर हमले किए हैं।
अमेरिकी दूतावास ने यह अलर्ट ऐसे समय में जारी किया है जब पिछले कई दिनों से मिसाइलों, ड्रोन और रॉकेट हमलों में लगातार वृद्धि हो रही है और इराकी सरकार इन हमलों को रोकने में विफल रही है।
अमेरिकी दूतावास खुला रहेगा, लेकिन...
अलर्ट में कहा गया है कि इस दौरान भी दूतावास खुला रहेगा, लेकिन इराकी हवाई क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे की वजह से नागरिकों को सख्त सलाह दी गई है कि वे बगदाद स्थित दूतावास और एरबिल स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास, इनमें से किसी भी परिसर में जाने की कोशिश न करें। दूतावास ने स्थिति को अत्यधिक अस्थिर बताया है। साथ ही कहा हा कि इराक में रहना अब अमेरिकी नागरिकों के लिए बहुत बड़ा जोखिम है।
हवाई क्षेत्र बंद, जमीनी रास्तों से निकलने की सलाह
इराक का हवाई क्षेत्र मिसाइल और ड्रोन हमलों के चलते बंद है, जिससे वाणिज्यिक उड़ानें रुक गई हैं। ऐसे में दूतावास ने अमेरिकियों को जॉर्डन, कुवैत, सऊदी अरब या तुर्की के लिए जमीनी मार्गों से प्रस्थान करने की सलाह दी है। हालांकि, इन सीमाओं पर भी अचानक बंद या खोले जाने की संभावना है, और उड़ानों के किराए में असामान्य वृद्धि देखी जा रही है।
- जॉर्डन के लिए नया जमीनी रूट
- सऊदी अरब में उड़ानें जारी
ये निर्देश भी दिए
इस अलर्ट में बगदाद स्थित दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को भोजन, पानी और जरूरी दवाइयां सुरक्षित रखने, यात्रा दस्तावेज को तैयार रखने और STEP सुरक्षा अलर्ट सिस्टम में पंजीकृत रहने को भी कहा है। दूतावास ने यह भी चेताया कि विरोध प्रदर्शनों से दूर रहें और मिसाइल/ड्रोन हमले की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर छिप कर निर्द्शों का पालन करें।
