दुनिया

यूक्रेन ने सेंट पीटर्सबर्ग में तेल टर्मिनल पर बरपाया कहर, तो रूस ने भी 72 ड्रोन किए नष्ट; जेलेंस्की बोले- क्रोनस्टाट पर भी किए हमले

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने एक ड्रोन हमले में सेंट पीटर्सबर्ग स्थित एक तेल टर्मिनल को शनिवार को निशाना बनाया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी बलों ने सेंट पीटर्सबर्ग के तट के निकट स्थित क्रोनस्टाट द्वीप पर एक सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया।

Image

यूक्रेन ने सेंट पीटर्सबर्ग में तेल टर्मिनल पर बरपाया कहर (फोटो साभार: AI)

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने एक ड्रोन हमले में सेंट पीटर्सबर्ग स्थित एक तेल टर्मिनल को शनिवार को निशाना बनाया। रूस के तेल प्रतिष्ठानों पर हमले तेज करने की अपनी रणनीति के तहत यूक्रेन लगातार ऐसे हमले कर रहा है।

रूस ने यूक्रेन के 72 ड्रोन किए तबाह

गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने बताया कि बाल्टिक सागर के तट पर स्थित शहर के किरोव्स्की जिले को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि हवाई रक्षा प्रणालियों ने रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर और उसके आसपास के क्षेत्र में यूक्रेन के 72 ड्रोन मार गिराए।

क्या कुछ बोले जेलेंस्की?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी बलों ने सेंट पीटर्सबर्ग के तट के निकट स्थित क्रोनस्टाट द्वीप पर एक सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया।जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ''यूक्रेन के रक्षा बलों ने बंदरगाह के उस तेल प्रतिष्ठान को निशाना बनाया, जिससे रूस को युद्ध के लिए आर्थिक मदद प्राप्त होती है। इसके अलावा क्रोनस्टाट पर भी हमले किए गए, जो एक महत्वपूर्ण सैन्य लक्ष्य है।''

आखिर कब तक चलेगा युद्ध?

गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि शनिवार को यूक्रेन के एक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन द्वारा रूस के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर किए जा रहे हमलों को ''गंभीर नहीं'' बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि युद्ध तब तक जारी रहेगा, जब तक उनके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते।

पुतिन ने शुक्रवार को यूक्रेन में युद्ध का संचालन कर रहे रूसी सैन्य मुख्यालय का दौरा किया था। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया क्षेत्र में रूसी हमले में रिहायशी इमारतों को निशाना बनाये जाने से आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!