'फ्रांस की वाइन-शैंपेन पर लगा दूंगा 200% टैरिफ', ग्रीनलैंड पर मैक्रों के तेवर से चिढ़े US राष्ट्रपति ट्रंप
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Jan 20, 2026, 02:41 PM IST
मैक्रों ने सोमवार को X पर 'ट्रंप की धमकियों को खारिज करते हुए कहा कि यह अस्वीकार्य है।' मैक्रों ने कहा कि ट्रंप अपनी योजना पर यदि आगे बढ़े तो यूरोप के देश एकजुट होकर इसका जवाब देंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा कि ट्रंप यदि यूरोप के देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाते हैं तो वे भी यूएस पर 'ट्रेड बाजूका' लगाएंगे।
ग्रीनलैंड पर मैक्रों और ट्रंप के बीच टकराव बढ़ गया है।
Trump Warns France: ग्रीनलैंड पर फ्रांस के तेवर और दावोस बैठक से राष्ट्रपति मैक्रों के दूरी बनाए जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चिढ़ गए हैं। ट्रंप ने कहा है कि वह फ्रांस की वाइन और शैंपेन पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगा देंगे। दरअसल, ग्रीनलैंड पर ट्रंप के दावे का मैक्रों खुलकर विरोध कर रहे हैं, इस विरोध के चलते ही उन्होंने दावोस बैठक से दूरी बना ली है। मैक्रों की यह दोनों बात ट्रंप को नागवार गुजरी है। मैक्रों ने सोमवार को X पर 'ट्रंप की धमकियों को खारिज करते हुए कहा कि यह अस्वीकार्य है।' मैक्रों ने कहा कि ट्रंप अपनी योजना पर यदि आगे बढ़े तो यूरोप के देश एकजुट होकर इसका जवाब देंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा कि ट्रंप यदि यूरोप के देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाते हैं तो वे भी यूएस पर 'ट्रेड बाजूका' लगाएंगे।
ट्रम्प बुधवार को दावोस में एक विशेष संबोधन की योजना बना रहे हैं, जिसमें व्यापारिक नेताओं और फोरम के अधिकारियों से मुलाकात होगी। गुरुवार को बोर्ड ऑफ पीस चार्टर पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिसमें राष्ट्रों को उनकी शांति योजना के तहत गाजा के पुनर्निर्माण में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मैक्रों की दावोस अनुपस्थिति गहरे मतभेद का संकेत देती है।
दावोस नहीं जाएंगे गुतारेस
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने ठंड की वजह से तबीयत खराब होने के कारण दावोस की अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी है। वह अभी स्विट्जरलैंड में हैं। महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने सोमवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘महासचिव फिलहाल स्विट्ज़रलैंड में हैं, जहां वह अपने विशेष और निजी प्रतिनिधियों तथा दूतों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों के बाद वह न्यूयॉर्क लौटेंगे और उन्होंने खराब तबीयत के कारण दावोस जाने की अपनी योजना रद्द कर दी है।’
जिनेवा से लगभग 427 KM दूर स्की रिसॉर्ट है दावोस
हर साल विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की बैठक की मेजबानी करने वाला दावोस, जिनेवा से लगभग 427 किलोमीटर दूर स्थित एक प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है। सप्ताहांत में गुतारेस लंदन में थे, जहां उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा की पहली बैठक की 80वीं वर्षगांठ के विशेष समारोह को संबोधित किया था। दावोस में 19 जनवरी से शुरू हुई डब्ल्यूईएफ की वार्षिक बैठक 23 जनवरी तक होगी, जिसमें विश्व के नेता और बड़े कारोबारी शामिल हो रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को इस वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं।
दावोस बैठक में शामिल होंगे ट्रंप
ट्रंप ऐसे समय में इसमें शामिल हो रहे हैं जब ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच तनाव है। ट्रंप ने कहा है कि जब तक ग्रीनलैंड की ‘पूरी और अंतिम खरीद’पर समझौता नहीं हो जाता, तब तक वह डेनमार्क समेत कई यूरोपीय देशों पर शुल्क (टैरिफ) लगाएंगे।