दुनिया

'मैं सालों से ईरान की हिट लिस्ट में...', ट्रंप की खुली चेतावनी- अगर मुझे मारने की कोशिश की तो भीषण तबाही होगी

US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से तनाव गहराता जा रहा है। इस बीच, ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान उन्हें मारने की कथित साजिश में कामयाब होता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Photo : AP

US Iran Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से तनाव गहराता जा रहा है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अगर ईरान उन्हें मारने की कथित साजिश में कामयाब होता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट के साथ बातचीत में कहा, ''ईरान अगर उन्हें मारने की कथित साजिश में कामयाब होता है, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।'' ट्रंप ने आगे बताया कि उन्होंने पहले ही निर्देश दे रखे हैं कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है, तो अमेरिका ईरान पर इस तरह बमबारी करे जैसी पहले कभी नहीं देखी गई।

'मैं सालों से ईरान की हिट-लिस्ट में'

ट्रंप ने बताया कि वह लंबे समय से ईरान की हिट-लिस्ट में टॉप पर बने हुए हैं और यही उनकी हकीकत है। हाल ही में आई उन रिपोर्टों के बारे में पूछे जाने पर कि क्या इजरायल ने अमेरिका को उनकी हत्या की किसी नई साजिश को लेकर आगाह किया था? इस पर ट्रंप ने कहा, ''इजरायल की तरफ से ऐसी कोई नई जानकारी नहीं मिली है, बल्कि तेहरान सालों से उन्हें मारना चाहता है।'' ट्रंप ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि शायद लोग उन्हें याद करें।

ट्रंप की यह टिप्पणियां ऐसे समय पर आईं जब अमेरिका ने हाल के सप्ताह में होर्मुज में तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों को लेकर ईरान पर हवाई हमले किए। हालांकि, इन हमलों के जवाब में तेहरान ने भी खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया।

ईरान के साथ सीजफायर समाप्त

इससे पहले, ट्रंप ने एक बात साफ की कि ईरान ने कूटनीतिक के लिए अनुरोध किया है और हम बातचीत के लिए सहमत हैं, लेकिन सीजफायर समाप्त हो चुका है। ट्रंप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ' पर एक पोस्ट में कहा, ''इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने हमसे बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है। हमने इसके लिए सहमति दे दी है, लेकिन अमेरिका ने उन्हें साफ शब्दों में बता दिया है कि सीजफायर अब खत्म हो चुका है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article