दुनिया

बेटे जूनियर की शादी में नहीं जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, व्हाइट हाउस में रहेंगे, बताई समारोह में नहीं जाने की वजह

अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'मैं अपने बेटे डॉन जूनियर और ट्रंप परिवार की नई सदस्य बनने जा रहीं बेटिना के साथ रहना बहुत चाहता था, लेकिन सरकार से जुड़ी परिस्थितियों और अमेरिका के प्रति अपने प्रेम के कारण मैं ऐसा नहीं कर पा रहा हूं।

Image

बेटे की शादी में शामिल नहीं होंगे डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थायी समयानुसार) को कहा कि वह अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक मोर्चे पर लगातार हो रहे बदलावों को देखते हुए उन्होंने व्हाइट हाउस में रुकने का फैसला किया है। बता दें कि ट्रंप के बेटे जूनियर की शादी समाजसेवी एवं मॉडल बेटिना एंडरसन से हो रही है। ट्रप ने कहा है कि वह शादी से ज्यादा सरकारी प्रतिबद्धताओं एवं अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा विवरण नहीं दिया। ट्रंप ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समय में उन्हें व्हाइट हाउस में रहना ज्यादा जरूरी है।

अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'मैं अपने बेटे डॉन जूनियर और ट्रंप परिवार की नई सदस्य बनने जा रहीं बेटिना के साथ रहना बहुत चाहता था, लेकिन सरकार से जुड़ी परिस्थितियों और अमेरिका के प्रति अपने प्रेम के कारण मैं ऐसा नहीं कर पा रहा हूं। उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि इस महत्वपूर्ण समय में वॉशिंगटन डी.सी. स्थित व्हाइट हाउस में रहना जरूरी है।'

बहामास के एक छोटे से द्वीप पर होगी शादी

सीएनएन की गुरुवार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शादी इस सप्ताहांत बहामास के एक छोटे से द्वीप पर होने जा रही है। रिपोर्ट में योजना से परिचित दो लोगों का हवाला दिया गया। वहीं, फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में गुरुवार को दाखिल विवाह लाइसेंस के अनुसार, यह जोड़ा पहले ही कानूनी रूप से शादी कर चुका है। डॉन जूनियर के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया। ट्रंप ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि उनके बेटे डॉन जूनियर चाहते थे कि वह शादी में शामिल हों, लेकिन यह एक 'छोटा और निजी समारोह' होने वाला है।

गोल्फ क्लब में रुकने वाले थे ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि वह शादी में शामिल होने की कोशिश करेंगे, लेकिन समय उनके लिए अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा, 'मेरे पास ईरान और दूसरी कई चीजें हैं।' ट्रंप प्रशासन पाकिस्तान की मध्यस्थता में चल रही कूटनीतिक वार्ताओं में शामिल है, जिनका उद्देश्य 28 फरवरी से अमेरिका और इजराइल द्वारा शुरू किए गए ईरान युद्ध को खत्म करने के लिए समझौता कराना है। ट्रंप ने पहले शुक्रवार को न्यूयॉर्क के हडसन वैली में एक कार्यक्रम के बाद न्यू जर्सी स्थित अपने बेडमिन्स्टर गोल्फ क्लब में रात बिताने की योजना बनाई थी, लेकिन शुक्रवार दोपहर जारी संशोधित सार्वजनिक कार्यक्रम के अनुसार अब वह व्हाइट हाउस लौटेंगे।

जूनियर की यह तीसरी शादी

डॉन जूनियर की बेटिना एंडरसन से यह तीसरी सगाई है। इससे पहले वह अपनी पूर्व पत्नी वनेसा, जो एक पूर्व मॉडल और अभिनेत्री हैं, के साथ 12 साल तक विवाहित रहे और दोनों के पांच बच्चे हैं। वनेसा ने 2018 में तलाक की अर्जी दी थी। इसके बाद डॉन जूनियर की सगाई अमेरिकी टीवी हस्ती किम्बर्ली गिलफॉयल से हुई थी, लेकिन 2024 में दोनों अलग हो गए।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article