दुनिया

क्या तेहरान को मना लेगा PAK? अमेरिका-ईरान के बीच शुक्रवार तक शांति वार्ता की संभावना, ट्रंप बोले- बातचीत संभव

Iran US Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच जल्द ही बातचीत हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नई बातचीत को लेकर अहम संकेत दिए हैं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Photo : AP

Iran US Peace Talks: ईरान और अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए आखिर दूसरे दौर की वार्ता कब होगी? इसको लेकर अभी भी संशय बना हुआ है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तानी सूत्रों के हवाले से बुधवार को एक बड़ी खबर सामने आई। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट में ट्रंप के हवाले से बताया गया कि दूसरे दौर की वार्ता शुक्रवार तक संभव हो सकती है।

US-ईरान के बीच कब होगी वार्ता?

न्यूयॉर्क पोस्ट ने इस्लामाबाद के सूत्रों के हवाले से बताया कि तेहरान के साथ सकारात्मक मध्यस्थता प्रयास जारी है, जिससे अगले 36 से 72 घंटों के भीतर नई वार्ता की संभावना बन रही है। जब इस संभावित प्रगति को लेकर ट्रंप से सवाल पूछा गया तो उन्होंने मैसेज में कहा, ''यह संभव है!''

वॉशिंगटन-तेहरान के बीच बातचीत को लेकर यह बड़ा अपडेट उस घोषणा के एक दिन बाद आया जिसमें ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाने की बात कही थी।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने इसलिए अपनी सेना को नाकेबंदी जारी रखने तथा अन्य सभी मामलों में पूरी तरह तैयार और सक्षम रहने का निर्देश दिया है और युद्धविराम को तब तक बढ़ाया जाएगा, जब तक उनका प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और बातचीत किसी न किसी नतीजे पर नहीं पहुंच जाती।

इस्लामाबाद-तेहरान के बीच हो रही बातचीत

इस बीच, इस्लामाबाद ने तेहरान के साथ कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं। एक पाकिस्तानी सूत्र के मुताबिक, 36 से 72 घंटे की समयसीमा उस काम के आकलन पर आधारित है। बकौल सूत्र, कड़ी प्रतिक्रियाओं के बावजूद युद्धविराम कायम है, जो दोनों पक्षों की सकारात्मक मंशा को दर्शाता है। किसी भी पक्ष की ओर से सैन्य स्तर पर कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

वेंस की इस्लामाबाद यात्रा टली

इससे पहले, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद यात्रा भी टल गई, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता प्रस्तावित थी। वेंस और विशेष अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ तथा जेरेड कुशनर मंगलवार को इस्लामाबाद जाने वाले थे, लेकिन व्हाइट हाउस ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा आज (मंगलवार को) नहीं होगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article