दुनिया

पश्चिम एशिया में अब सुधरेंगे हालात! ईरान में 60 दिनों की समयसीमा से पहले ही युद्ध समाप्त; ट्रंप प्रशासन का दावा

West Asia Conflict: ट्रंप प्रशासन ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर बड़ा दावा किया। ट्रंप प्रशासन का तर्क है कि ईरान के साथ युद्ध 60 दिन की तय समयसीमा पूरी होने से पहले ही समाप्त हो चुका है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Photo : AP

West Asia Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर बड़ा दावा किया। ट्रंप प्रशासन का तर्क है कि ईरान के साथ युद्ध 60 दिन की तय समयसीमा पूरी होने से पहले ही समाप्त हो चुका है।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने तर्क दिया कि अप्रैल की शुरुआत में लागू हुए युद्धविराम (Ceasefire) के कारण यह संघर्ष पहले ही खत्म हो गया। इस तर्क के आधार पर व्हाइट हाउस का मानना है कि उसे सैन्य कार्रवाई जारी रखने के लिए कांग्रेस से औपचारिक मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है।

मुश्किल में ट्रंप प्रशासन

ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच ट्रंप प्रशासन घरेलू राजनीति में उलझा हुआ है। दरअसल, अमेरिका का वॉर पावर्स रिजोल्यूशन (War Powers Resolution) कहता है कि किसी भी सैन्य कार्रवाई को 60 दिनों से ज्यादा समय तक जारी रखने के लिए राष्ट्रपति को कांग्रेस (अमेरिकी संसद) की मंजूरी लेनी होगी। ऐसे में 60 दिनों की मोहलत शुक्रवार को समाप्त हो गई, लेकिन ट्रंप प्रशासन का दावा है कि ईरान के साथ जारी युद्ध पहले ही समाप्त हो चुका है, इसलिए मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है।

कानून में 30 दिनों के विस्तार का भी प्रावधान

हालांकि, वॉर पावर्स रिजोल्यूशन में 60 दिनों की समयसीमा पूरी होने के बाद 30 दिनों का अतिरिक्त विस्तार का भी प्रावधान है। नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उस कानून के हिसाब से 28 फरवरी शनिवार को शुरू हुआ युद्ध समाप्त हो गया है।

अधिकारी ने कहा कि सात अप्रैल से शुरू हुए दो सप्ताह के युद्धविराम के बाद से अमेरिकी सेना और ईरान के बीच गोलीबारी नहीं हुई है। हालांकि, युद्धविराम के समय को बढ़ा दिया गया है और ईरान ने होर्मुज पर अपना नियंत्रण बनाए रखा है। वहीं, ईरान के तेल टैंकर को समुद्र में जाने से रोकने के लिए अमेरिका की नाकाबंदी जारी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article