दुनिया

Canada Firing: टोरंटो में स्ट्रीट फेस्टिवल के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत और 6 घायल; हमलावर अब तक गिरफ्तार नहीं

कनाडा के टोरंटो में आयोजित 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके को सील कर दिया गया है और पुलिस बड़े पैमाने पर जांच व सर्च ऑपरेशन चला रही है। फिलहाल हमलावर या हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Image

टोरंटो में आयोजित मशहूर 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान फायरिंग। AP

Photo : AP

Canada Firing: कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में आयोजित मशहूर 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' (Salsa on St. Clair) स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान शनिवार रात अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:12 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू पर सक्रिय शूटर की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को गोली लगने से घायल 6 लोग मिले, जबकि 2 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

अब तक हमलावर गिरफ्तार नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग होते ही हजारों की संख्या में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर या हमलावरों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि उनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

साल्सा ऑन सेंट क्लेयर टोरंटो का एक लोकप्रिय वार्षिक लैटिन सांस्कृतिक उत्सव है, जिसमें लाइव म्यूजिक, डांस परफॉर्मेंस और फूड स्टॉल्स के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। जिस समय फायरिंग हुई, उस दौरान फेस्टिवल में भारी भीड़ मौजूद थी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और संदिग्धों की पहचान की जांच कर रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article