Iran War Updates: ईरान युद्ध लगातार जारी है और दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर हमले के बाद हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच अमेरिका ने दुनियाभर में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इससे युद्ध के और तेज होने का संकेत मिलता है। इसमें कहा गया है कि ईरान समर्थक समूह विदेशों में अन्य अमेरिकी हितों या दुनिया भर में संयुक्त राज्य अमेरिका और अमेरिकियों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं। बता दें कि ईरान मध्य पूर्व देशों में स्थिति अमेरिकी संपत्तियों को बड़े पैमाने पर निशाना बना रहा है। अमेरिका की इस नए अलर्ट से सवाल उठ रहा है कि क्या ईरान युद्ध अब और खतरनाक मोड़ लेगा।
अमेरिकी नागरिकों के लिए अलर्ट
अमेरिकी विदेश विभाग के कांसुलर मामलों के विभाग ने ट्वीट किया, विश्वव्यापी चेतावनी: विदेश विभाग दुनिया भर में और विशेष रूप से मध्य पूर्व में रहने वाले अमेरिकियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह देता है। विदेश में रहने वाले अमेरिकियों को निकटतम अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा चेतावनियों में दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए। समय-समय पर हवाई क्षेत्र बंद होने से यात्रा में बाधा आ सकती है। मध्य पूर्व के बाहर सहित अमेरिकी राजनयिक सुविधाओं को निशाना बनाया गया है। ईरान समर्थक समूह विदेशों में अन्य अमेरिकी हितों या दुनिया भर में संयुक्त राज्य अमेरिका और/या अमेरिकियों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं।
ईरान की नई चेतावनी...तो कर देंगे होर्मुज पूरी तरह बंद
इस बीच, ईरान ने नई चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगर अमेरिका ने पावर प्लांट्स पर हमला किया तो होर्मुज को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। साथ ही इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों से जुड़े ऊर्जा ढांचे को 'वैध लक्ष्य' बताया गया है।
ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के हवाले से खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फघारी ने कहा, ''होर्मुज अभी महज दुश्मनों के लिए बंद है, लेकिन अगर अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी धमकी पर अमल करते हैं तो इसे पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।''
खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ईरान की सर्वोच्च ऑपरेशनल कमान इकाई है, जो सेना और आईआरजीसी के बीच समन्वय करती है। जुल्फघारी ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति लगातार आक्रामक रवैया अपना रहे हैं और दुनिया को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने कई बार कहा है कि होर्मुज केवल दुश्मनों और नुकसान पहुंचाने वाले यातायात के लिए बंद है, अभी इसे पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। यह हमारी निगरानी में है और सुरक्षित आवाजाही नियमों के तहत जारी है। उन्होंने चेतावनी दीअगर हमारे पावर प्लांट्स पर हमला होता है तो होर्मुज पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और तब तक नहीं खोला जाएगा जब तक हमारे नष्ट हुए पावर प्लांट्स का पुनर्निर्माण नहीं हो जाता।
