'ईरान तक सीमित नहीं रहेगी लड़ाई...', खामेनेई की ट्रंप को धमकी, कहा- हमला हुआ तो पूरा इलाका बनेगा मैदान-ए-जंग
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Feb 1, 2026, 05:45 PM IST
Iran US Tension: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया तो यह सिर्फ दोनों देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरा मिडिल ईस्ट मैदान-ए-जंग बन जाएगा।
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई
Iran US Tension: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया तो यह सिर्फ दोनों देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरा मिडिल ईस्ट मैदान-ए-जंग बन जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है।
खामेनेई का ट्रंप पर तीखा वार
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, खामेनेई ने कहा कि ईरान किसी भी देश पर हमला करने की शुरुआत नहीं करेगा, लेकिन अगर उस पर हमला हुआ तो वह करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि ईरानी जनता अमेरिका की धमकियों से डरने वाली नहीं है। इस दौरान, खामेनेई ने ट्रंप के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ट्रंप बार-बार युद्धपोत भेजने की बात करते हैं, लेकिन ईरान या ईरानी लोग इन धमकियों से घबराने वाले नहीं हैं। हालांकि, ईरान ने यह भी साफ किया कि कूटनीतिक समाधान की संभावना अभी खत्म नहीं हुई है। तेहरान ने कहा कि वह 'न्यायपूर्ण' बातचीत के लिए तैयार है।
मिडिल ईस्ट में US के कई युद्धपोत तैनात
इस बीच, अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है। अमेरिकी नौसेना के कई युद्धपोत इस इलाके में तैनात हैं। ट्रंप ने कहा था कि एक विशाल नौसैनिक बेड़ा (जिसकी अगुवाई विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन कर रहा है) ईरान की ओर बढ़ रहा है। ट्रंप के अनुसार, यह बेड़ा वेनेजुएला भेजे गए बेड़े से भी बड़ा है। इससे दोनों देशों के बीच टकराव का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। हालांकि, वाशिंगटन ने सार्वजनिक रूप से कूटनीति की संभावना भी जताई है।
अमेरिका से बातचीत की तैयारी में ईरान
इससे पहले, ईरान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि अमेरिका के साथ संभावित बातचीत के लिए एक ढांचा तैयार किया जा रहा है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बातचीत के ढांचे के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।"