दुनिया

'बहुत गुस्से में हूं, करारा जवाब दूंगा', सीरिया हमले में 3 अमेरिकयों की मौत पर आग बबूला हुए ट्रंप; ISIS को दी ये खुली चेतावनी

इस्लामिक स्टेट (ISIS) के एक अकेले बंदूकधारी ने 2 अमेरिकी सैनिक और 1 अमेरिकी नागरिक (ट्रांसलेटर) की हत्या कर दी। वहीं, तीन अन्य अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हमले पर चिंता जाहिर करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, 'हम सीरिया में 3 महान अमेरिकी देशभक्तों की मौत पर दुख जताते हैं, 2 सैनिक और एक नागरिक इंटरप्रेटर है। वहीं, ट्रंप ने कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

Image

इस्लामिक स्टेट (ISIS) द्वारा 3 अमेरिकियों की हत्या पर ट्रंप का फूटा गुस्सा।(फोटो सोर्स: AP)

Photo : AP

सीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) के एक अकेले बंदूकधारी ने 2 अमेरिकी सैनिक और 1 अमेरिकी नागरिक (ट्रांसलेटर) की हत्या कर दी। वहीं, तीन अन्य अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सीरिया के मध्य क्षेत्र पलमायरा में शनिवार को एक अमेरिकी-सिरियाई सुरक्षा गश्ती दल पर ISIS के आतंकी ने इस हमले को अंजाम दिया।

ट्रंप ने क्या कहा?

हमले पर चिंता जाहिर करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, 'हम सीरिया में 3 महान अमेरिकी देशभक्तों की मौत पर दुख जताते हैं, 2 सैनिक और एक नागरिक इंटरप्रेटर है। इसी तरह, हम 3 घायल सैनिकों के लिए प्रार्थना करते हैं, जिनके बारे में अभी-अभी पुष्टि हुई है कि वे ठीक हैं। यह अमेरिका पर सीरिया द्वारा ISIS का हमला था। सीरिया के एक बहुत खतरनाक हिस्से में जो पूरी तरह से उनके कंट्रोल में नहीं है। सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा इस हमले से बहुत गुस्से में और परेशान हैं। बहुत गंभीर जवाबी कार्रवाई होगी।'

पीट हेगसेथ ने दी ISIS को चेतावनी

वहीं, अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया, 'यह जान लें यदि आप दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को निशाना बनाते हैं, तो आप अपने संक्षिप्त चिंता भरे जीवन का शेष भाग यह जानते हुए बिताएंगे कि अमेरिका आपका पीछा करेगा, आपको ढूंढ निकालेगा और बेरहमी से मार डालेगा।'

सरकारी समाचार एजेंसी सना के अनुसार, यह गोलीबारी ऐतिहासिक पल्मायरा के पास हुई है। हमलावर मारा जा चुका है। अमेरिका के केंद्रीय कमान ने बताया कि मृतकों के परिवारों के प्रति सम्मान और रक्षा विभाग की नीति के अनुसार, सैनिकों की पहचान उनके परिजनों को सूचित किए जाने के 24 घंटे बाद तक गुप्त रखी जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!