दुनिया

खतरे में स्टार्मर की कुर्सी, क्षेत्रीय चुनाव में लेबर पार्टी की करारी हार के बाद लामबंद हुए सांसद, इस्तीफा देने को कहा

पर्यावरण सचिव एमा रेनॉल्ड्स की सहयोगी टॉम रूटलैंड ने कहा कि स्टार्मर ने लेबर सांसदों के बीच अपनी 'साख खो दी है' और वह राजनीतिक रूप से वापसी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने लिखा, 'पिछले हफ्ते के चुनावों का संदेश साफ था; प्रधानमंत्री जनता का विश्वास खो चुके हैं।'

Image

ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर।

Photo : AP

Keir Starmer : ब्रिटेन में स्थानीय एवं क्षेत्रीय चुनावों में लेबर पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर पर पद छोड़ने का दबाव बढ़ गया है। रिपोर्टों के मुताबिक लेबर पार्टी के ही 60 से ही ज्यादा सांसदों ने उनसे पद से इस्तीफा देने के लिए कहा है। पार्टी के भीतर उठ रही आवाजों के बाद स्टार्मर काफी दबाव महसूस कर रहे हैं। यही नहीं सरकार में उनके कई सहयोगियों ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और सावर्जनिक रूप से उनकी योग्यता एवं नेतृत्व पर सवाल उठाए।

स्टार्मर ने आलोचकों को जवाब देने का संकल्प जताया

हालांकि, स्टार्मर ने अपने ही दल लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते विरोध के बीच आलोचकों को जवाब देने का संकल्प जताया है। स्थानीय और क्षेत्रीय चुनावों में करारी हार के बाद पार्टी के कई सांसद और सहयोगी उनसे इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव वेस स्ट्रीटिंग के संसदीय निजी सचिव रहे जो मैरिस ने X पर लिखा कि 'अब यह साफ हो चुका है कि प्रधानमंत्री के पास इस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए जनता का भरोसा और विश्वास नहीं बचा है।'

स्टार्मर ने अपनी 'साख' खो दी है-रूटलैंड

वहीं, पर्यावरण सचिव एमा रेनॉल्ड्स की सहयोगी टॉम रूटलैंड ने कहा कि स्टार्मर ने लेबर सांसदों के बीच अपनी 'साख खो दी है' और वह राजनीतिक रूप से वापसी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने लिखा, 'पिछले हफ्ते के चुनावों का संदेश साफ था; प्रधानमंत्री जनता का विश्वास खो चुके हैं।' सोमवार को इस्तीफा देने वाली एक अन्य लेबर सहयोगी नौशबाह खान ने कहा, 'मैं नए नेतृत्व की मांग कर रही हूं ताकि हम जनता का भरोसा फिर से जीत सकें और वह बेहतर भविष्य दे सकें, जिसके लिए ब्रिटिश लोगों ने वोट दिया था।'

चुनौतियों का सामना करेंगे स्टार्मर

लेबर सांसद कैथरिन वेस्ट ने कहा कि वह उन सांसदों का समर्थन जुटा रही हैं जो चाहते हैं कि स्टार्मर सितंबर में नेतृत्व चुनाव का टाइमटेबल घोषित करें। इस बढ़ते दबाव के बीच लंदन में एक बड़े राजनीतिक संबोधन में स्टार्मर ने माना कि मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि मेरे आलोचक हैं और मुझे उन्हें गलत साबित करना होगा, और मैं ऐसा करके दिखाऊंगा।' स्टार्मर ने वादा किया कि उनकी सरकार ब्रिटेन की आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों का सीधे सामना करेगी। उन्होंने कहा कि देश को 'छोटे-मोटे बदलाव' नहीं, बल्कि 'एक बड़े जवाब' की जरूरत है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article