दुनिया

भूकंप से ढह गई शो मैन राज कपूर की 100 साल पुरानी 'कपूर हवेली'; 2016 में PAK ने दिया था राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा

पेशावर में स्थित राज कपूर की ऐतिहासिक कपूर हवेली को बीते दिन आए भूकंप के झटकों से नुकनास झेलना पड़ा है। भूकंप के कारण हवेली की एक दीवार का बड़ा हिस्सा ढह गया है। इस हवेली को 1918-1922 के बीच राजकपूर के दादा दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने बनवाया था।

Image

राज कपूर और उनकी पेशावर स्थित हवेली। (फाइल फोटो- विकीपीडिया)

बीते दिन भारी बारिश और फिर उत्तरी और पूर्वी अफगानिस्तान और पश्चिमी पाकिस्तान में देर रात आए 5.8 तीव्रता के भूकंप ने राज कपूर की ऐतिहासिक कपूर हवेली को नुकसान पहुंचाया है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित बॉलीवुड के दिग्गज शोमेन राज कपूर की हवेली का एक हिस्सा ढह गया। उनकी इस हवेली को पाकिस्तान सरकार ने 2016 में राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था।

इस बारे में अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार क्षेत्र में स्थित करीब 100 साल पुरानी ये हवेली लगातार बारिश और समय की मार के कारण पहले ही कमजोर हो गई थी, फिर शुक्रवार देर रात आए भूकंप ने इस हवेली को और नुकसान पहुंचाया।

2016 में राष्ट्रीय धरोहर घोषित की गई

अब 2016 में राष्ट्रीय धरोहर घोषित की गई इस हवेली को बचाने को लेकर चिंता गहरा गई है। खैबर पख्तूनख्वा विरासत परिषद के सचिव शकील वहीदुल्लाह ने बताया कि नुकसान गंभीर है और इमारत को तत्काल संरक्षण की जरूरत है। उन्होंने पुरातत्व विभाग और प्रांतीय सरकार से जीर्णोद्धार प्रक्रिया तुरंत शुरू करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को अपूरणीय नुकसान हो सकता है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

राज कपूर के दादा दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने बनवाई थी हवेली

जिस कपूर हवेली को भूकंप के कारण नुकसान हुआ है, उसका निर्माण 1918 से 1922 के बीच राज कपूर के दादा दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने करवाया था। यह घर पृथ्वीराज कपूर का पैतृक निवास था, जिनसे कपूर परिवार का फिल्मी सफर शुरू हुआ। राज कपूर और उनके चाचा त्रिलोक कपूर का जन्म भी इसी हवेली में हुआ था। हवेली में करीब 40 कमरे थे और इसका सामने का हिस्सा फूलों की डिजाइनों और झरोखों से सजा हुआ था। कभी इसे अपने समय की सबसे सुंदर वास्तुकलाओं में गिना जाता था।

शम्मी और शशि कपूर भले ही भारत में जन्मे लेकिन...

यह वही हवेली थी जिसमें राज कपूर के दो छोटे भाई-बहन पैदा हुए थे, लेकिन उनकी मृत्यु 1931 में हो गई थी। राज कपूर के भाई शम्मी कपूर और शशि कपूर का जन्म भारत में हुआ था। फिर भी,वे अक्सर हवेली में आते-जाते थे, इतना ही नहीं कई बार वे यहां रहते भी थे।

1947 में कपूर खानदान आ गया था भारत

विभाजन के बाद 1947 में कपूर परिवार भारत आ गया और हवेली वीरान होती चली गई। दशकों से उपेक्षित रहने के बावजूद इसकी पुरानी भव्यता के निशान आज भी स्पष्ट दिखाई देते हैं। राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर और रणधीर कपूर ने 1990 के दशक में इस स्थान का दौरा भी किया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!