Saudi Arabia Bus Accident: सऊदी अरब में तेल के एक टैंकर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुई एक बस में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के 18 सदस्य सवार थे। रिश्तेदारों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी। संबंधी मोहम्मद असलम ने बताया कि सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी शेख नजीरुद्दीन अपनी पत्नी, बेटे, तीन बेटियों और पोते-पोतियों के साथ मदीना जा रहे थे।
उसने बताया, 'यह दुर्घटना थी या क्या हुआ हमें नहीं पता लेकिन बस में शेख नजीरुद्दीन, उनके बेटे, बेटियों और पोते-पोतियों सहित कुल 18 सदस्य सवार थे।' नजीरुद्दीन का एक अन्य बेटा इस समय अमेरिका में है।असलम ने घटना और उस ट्रैवल एजेंसी की भी जांच की मांग की, जिसके जरिए ये लोग सऊदी अरब गए थे।
मृतक मक्का और मदीना की यात्रा पर गए थे
मृतक मक्का और मदीना की यात्रा पर गए थे। उन्हें ले जा रही बस एक टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। आग में जलने वालों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां भी शामिल थीं। खबर मिलते ही स्तब्ध पड़ोसी और रिश्तेदार मृतक के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। उन्हें भयावह हादसे की खबर पर भरोसा नहीं हो रहा था।
हैदराबाद के पुलिस प्रमुख वी.सी. सज्जनार ने सोमवार को प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि सऊदी अरब के मदीना में एक बस के तेल के एक टैंकर से टकराने की दुर्घटना में कम से कम 42 लोग मारे गए, जिनमें से ज्यादातर हैदराबाद के थे। हताहतों की संख्या के बारे में हालांकि सऊदी अधिकारियों या भारत सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सऊदी अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अरुण यादव ने शोक में डूबे परिवार से मुलाकात की और मदद देने का वादा किया। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी परिवारों से फोन पर बात की और हर मुमकिन सरकारी मदद देने का भरोसा दिया। सऊदी अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। जेद्दा स्थित भारतीय मिशन ने चौबीसों घंटे काम करने वाला नियंत्रण कक्ष बनाया है और अधिकारियों को मौके पर भेजा है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और अधिकारियों को तत्काल राहत के लिए विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है।
