दुनिया

कीव में रूस लगातार कर रहा ड्रोन अटैक, अब यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय को बनाया निशाना; जेलेंस्की ने दिया जवाबी कार्रवाई का आदेश

जेलेंस्की के मुताबिक ड्रोन को सुरक्षा सेवा यानी SBU के कार्यालय को निशाना बनाकर भेजा गया था। उन्होंने सुरक्षा प्रमुख को रूस के खिलाफ प्रभावी और जरूरत पड़ने पर उसी तरह की जवाबी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

Image

रूस का कीव पर भीषण हमला

24 फरवरी 2022 से शुरू हुआ रूस यूक्रेन युद्ध हर बीतते दिन के साथ और बढ़ता जा रहा है। रूस अपने ड्रोन हमलों का सिलसिला लगातार तेज करता जा रहा है। इस बीच शुक्रवार को रूसी ड्रोन ने यूक्रेन की राजधानी कीव के मध्य हिस्से में स्थित सुरक्षा सेवा के मुख्यालय को निशाना बनाया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले की पुष्टि की है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका की ओर से नए कूटनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं।

रूसी सेना के इस हमले में नौ लोग घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने हमले के बाद कार्यवाहक सुरक्षा प्रमुख ओलेक्सांद्र पोकलाद से बातचीत की और जवाबी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जेलेंस्की ने दिया जवाबी कार्रवाई का आदेश

जेलेंस्की के मुताबिक ड्रोन को सुरक्षा सेवा यानी SBU के कार्यालय को निशाना बनाकर भेजा गया था। उन्होंने सुरक्षा प्रमुख को रूस के खिलाफ प्रभावी और जरूरत पड़ने पर उसी तरह की जवाबी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भी हमले की निंदा की। उन्होंने इसे युद्ध में एक बड़ी वृद्धि बताते हुए कहा कि हमला उस समय हुआ जब शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के प्रयास चल रहे हैं।

अमेरिका के दूत रूस और यूक्रेन का करेंगे दौरा

हमले के बीच अमेरिका के दो वरिष्ठ दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के रूस और यूक्रेन जाने की तैयारी की खबर सामने आई है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि दोनों प्रतिनिधि इस सप्ताह के आखिर में पहले मॉस्को और उसके बाद कीव का दौरा कर सकते हैं।

जेलेंस्की ने इससे पहले कहा था कि उन्हें आने वाले दिनों में अमेरिकी प्रतिनिधियों के कीव पहुंचने की उम्मीद है। उनका कहना था कि यूक्रेन की टीम अमेरिकी पक्ष के साथ लगातार संपर्क में है और उच्चस्तरीय बातचीत के लिए तैयारियां कर रही है।

रूस ने यात्रा की पुष्टि नहीं की

वहीं, रूस ने इस कार्यक्रम की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी विटकॉफ और कुशनर के मॉस्को दौरे की खबरों की पुष्टि करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई बैठक होती है तो मीडिया को इसकी जानकारी दी जाएगी। बता दें कि विटकॉफ और कुशनर इससे पहले जनवरी में मॉस्को गए थे,जहां उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। उस समय रूसी अधिकारियों ने बातचीत को सकारात्मक बताया था, लेकिन क्षेत्रीय विवाद का समाधान किए बिना स्थायी समझौते की राह कठिन बताई थी।

शांति वार्ता पर फिर छाया गतिरोध

अमेरिका की मध्यस्थता से संघर्ष समाप्त करने की कोशिशों के बावजूद बातचीत में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को इस वार्ता को लेकर बयान दिया था। इस बीच यूक्रेन के अलग-अलग हिस्सों में रूसी हमले जारी हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें