Russia Ukraine War: एक तरफ जहां इजरायल-हमास के बीच शांति समझौते ने मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीद जगाई है। वहीं, दूसरी ओर रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध लगातार और भीषण होता जा रहा है। यूक्रेन ने दावा किया कि रूस ने यूक्रेन के उत्तरी सुमी क्षेत्र में एक रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों को निशाना बनाया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 घायल हो गए। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसे बर्बरतापूर्ण हमला बताया है।
एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, " सुमी क्षेत्र के शोस्तका में रेलवे स्टेशन पर एक क्रूर रूसी ड्रोन हमला हुआ । सभी आपातकालीन सेवाएं पहले से ही घटनास्थल पर हैं और लोगों की मदद करना शुरू कर दिया है। घायलों के बारे में सभी जानकारी एकत्र की जा रही है। अब तक, हम कम से कम 30 पीड़ितों के बारे में जानते हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है ट्रेन में उक्रजालिन्जित्सिया के यात्री सवार थे।

रूस ने यूक्रेन में पैसेंजर ट्रोन पर किया ड्रोन हमला।(फोटो सोर्स: AP)
अब दिखावटी बातें करना काफी नहीं: जेलेंस्की
उन्होंने आगे कहा, " रूसी इस बात से अनजान नहीं रहे होंगे कि वे नागरिकों पर हमला कर रहे हैं। और यह ऐसा आतंक है जिसे दुनिया को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। रूस हर दिन लोगों की जान लेता है। केवल ताकत ही उन्हें रोक सकती है। अब समय आ गया है कि अमेरिका और यूरोप मिलकर रूस का मुकाबला करे। अब दिखावटी बातें करना काफी नहीं है। कड़ी कार्रवाई की जरूरत है।"
हर दिन यूक्रेन पर हमला कर रहा रूस
अल जजीरा के अनुसार, जिस जगह पर यह हमला हुआ वो रूसी सीमा से लगभग 50 किलोमीटर (30 मील) दूर है। टेलीग्राम पर एक संदेश में, सुमी के कार्यवाहक मेयर आर्टेम कोबजार ने कहा, "कुछ यात्री घायल हैं। बचाव दल, चिकित्सक और सभी आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर काम कर रही हैं।" बता दें कि पिछले दो महीनों से हर दिन रूस, यूक्रेन पर हमला कर रहा है।
यूक्रेन के ऊर्जा संरचनाओं को निशाना बना रहा रूस
दोनों देशों के बीच साढ़े तीन सालों से युद्ध जारी है। दोनों देश एक दूसरे के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा संरचनाओं को निशाना बना रहे हैं। शुक्रवार को रूसी सेना ने कई यूक्रेनी सैन्य ठिकानों और गैस संरचनाओं को निशाना बनाया।
