दुनिया

Moscow Attack: रूस की राजधानी मॉस्को में बड़ा आतंकी हमला, अब तक 60 की मौत...इस्लामिक स्टेट ने ली जिम्मेदारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 23, 2024, 07:42 AM IST

Moscow Concert Hall Terror Attack: रूस की राजधानी मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में आतंकी हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली है। इस हमले में अब तक 60 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि आतंकी अब तक हॉल के अंदर मौजूद हैं और सुरक्षाबलों से मुठभेड़ जारी है।

Image

मॉस्को में आतंकी हमला

Photo : AP

Moscow Concert Hall Terror Attack: रूस की राजधानी मॉस्को में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। यहां सेना की वर्दी पहने पांच बंदूकधारियों ने कॉन्सर्ट हॉल में मौजूद लोगों को निशाना बनाया है। जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने यहां अंधाधुंध फायरिंग की। बाद में यहां विस्फोट की आवाजें भी सुनाई दीं। इस घटना में अब तक करीब 60 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, हमले में 145 से ज्यादा घायल हुए हैं।

रूस की शीर्ष जांच एजेंसी इसे आतंकी हमला मानकर चल रही हैं। उधर, रॉयटर्स ने अमाक एजेंसी के हवाले से रिपोर्ट दी है कि आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला तब हुआ है, जब रूस में हाल ही में हुए चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर से जीत हासिल की है।

दो दशक में सबसे भीषण आतंकी हमला

हमले के दौरान समारोह स्थल की इमारत में आग लग गई। इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को "बहुत बड़ी त्रासदी" बताया है। यह हमला तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड 'पिकनिक' के एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। इस हॉल में 6,000 से अधिक लोग बैठ सकते हैं।

इमारत से निकलता दिखा धुंए का गुबार

जानकारी के मुताबिक, हमलावर अब तक कॉन्सर्ट हॉल के अंदर मौजूद हैं और आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। उधर, कई अन्य रूसी मीडिया संस्थानों ने गोलीबारी की सूचना दी और कहा कि गोलीबारी के कारण संबंधित स्थल पर स्थित एक मॉल में आग लग गई। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में इमारत के ऊपर काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिख रहा है। रूस की शीर्ष घरेलू सुरक्षा एजेंसी, संघीय सुरक्षा सेवा ने कहा कि गोलीबारी की इस घटना में लोगों की मौत हुई है और कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने मृतकों और घायलों की कोई संख्या नहीं बताई।

पीएम मोदी ने की निंदा

मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निंदा की है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article