Iran Israel War: ईरान और इजरायल के बीच युद्ध खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक तरफ, इजरायल ने ईरान पर और व्यापक कार्रवाई का ऐलान किया तो दूसरी ओर ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इस बीच, यूक्रेन के साथ पिछले चार साल से युद्ध लड़ रहे रूस ने ईरान की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है।
ईरान को ड्रोन भेज रहा रूस
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी 'एपी' ने अमेरिकी और यूरोपीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि रूस उन्नत ड्रोन की एक खेप ईरान को भेज रहा है। ये ड्रोन उसी ड्रोन के उन्नत संस्करण हैं, जिनकी आपूर्ति तेहरान ने पहले रूस को यूक्रेन पर हमले के वक्त की थी।
ईरान के पास शाहेद ड्रोन का भंडार
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद से तेहरान एक महीने से अधिक समय से इजरायल, खाड़ी के पड़ोसी देशों और मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन से हमले कर रहा है। ईरान के पास स्वयं शाहेद ड्रोन का भंडार है, जबकि रूस ने यूक्रेन युद्ध के दौरान इनके डिज़ाइन में सुधार किए हैं।
यूरोपीय खुफिया अधिकारी ने 'एपी' को बताया कि रूसी और ईरानी अधिकारियों के बीच इस महीने रूस से ईरान को ड्रोन भेजने के संबंध में बातचीत हुई है। अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि यह खेप एक बार भेजी गई है या अपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा है। हालांकि, अधिकारियों ने यह भी नहीं बताया कि कितने ड्रोन भेजे गए हैं। एक अन्य यूरोपीय अधिकारी का कहना है कि कम संख्या में ड्रोन युद्ध के नतीजे पर ज्यादा असर नहीं डालेंगे।
रूस की क्या है मंशा?
अमेरिकी रक्षा अधिकारियों को अभी ईरान को उन्नत ड्रोन देने के पीछे की रूसी मंशा भी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि हर ड्रोन जो ईरान को भेजा जाएगा, वह यूक्रेन के खिलाफ इस्तेमाल नहीं हो पाएगा। इस बीच, मार्को रुबियो ने पेरिस में जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद कहा कि रूस जो भी ईरान के लिए कर रहा है, उससे हमारे ऑपरेशन या उसकी प्रभावशीलता पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।
सनद रहे कि रूस पिछले चार साल से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ रहा है और दोनों देशों के बीच युद्ध आखिर कब खत्म होगा? यह कह पाना काफी मुश्किल है। इसके बावजूद ईरान के साथ रूस मजबूती से खड़ा है।
