दुनिया

आर्थिक सहयोग, US से रिश्तों, वैश्विक हालात पर पुतिन-जिनपिंग ने की चर्चा, इस साल चीन जाएंगे रूसी राष्ट्रपति

पुतिन ने कहा, 'दुनिया में बढ़ती उथल-पुथल के बीच रूस और चीन के बीच विदेश नीति का तालमेल स्थिरता लाने वाला एक महत्वपूर्ण कारक बना हुआ है।’वहीं शी ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा कि वह और पुतिन द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की योजनाओं पर चर्चा करेंगे और ’बड़े रणनीतिक मुद्दों’ पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

Image

जिनपिंग-पुतिन के बीच फोन पर हुई बातचीत।

Photo : AP

Xi Jinping-Putin talk on phone: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत की और दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग तथा अमेरिका के साथ संबंधों पर चर्चा की। पुतिन ने इस साल चीन की यात्रा का निमंत्रण भी स्वीकार किया। पुतिन और चिनफिंग के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब शी और पश्चिमी देशों के नेताओं के बीच कई बैठकें हो रही हैं। ये नेता यूक्रेन युद्ध को लेकर मतभेदों के बावजूद चीन के साथ रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

रूस का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना चीन

यूरोपीय नेता वर्षों से चीन पर रूस को दिए जा रहे समर्थन को समाप्त करने का दबाव बना रहे हैं, वहीं चीन रूस का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है। रूसी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित अपने शुरुआती संबोधन में पुतिन ने कहा, 'मैं एक बार फिर यह भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमारे देशों की संप्रभुता और सुरक्षा, लोगों की सामाजिक-आर्थिक भलाई और अपने विकास का रास्ता खुद चुनने के हमारे साझा प्रयासों को मेरा दृढ़ समर्थन है।’

आपसी सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

पुतिन ने कहा, 'दुनिया में बढ़ती उथल-पुथल के बीच रूस और चीन के बीच विदेश नीति का तालमेल स्थिरता लाने वाला एक महत्वपूर्ण कारक बना हुआ है।’वहीं शी ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा कि वह और पुतिन द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की योजनाओं पर चर्चा करेंगे और ’बड़े रणनीतिक मुद्दों’ पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को 'ऐतिहासिक अवसर' का उपयोग करते हुए रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना चाहिए।

चीनी सरकारी प्रसारक ’सीसीटीवी’ की एक खबर में बताया गया कि शी ने बुधवार को वसंत ऋतु का पहला दिन बताते हुए कहा कि नए आरंभ का प्रतीक माने जाने वाले इस दिन वह पुतिन के साथ मिलकर "चीन-रूस संबंधों का एक नया खाका" तैयार करना चाहते हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article