दुनिया

क्या ट्रंप जाएंगे रूस? पुतिन ने दिया न्योता, अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर दोनों नेताओं के बीच 90 मिनट हुई बातचीत

अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन कर बधाई दी। दोनों नेताओं के बीच करीब 90 मिनट तक बातचीत हुई, जिसे क्रेमलिन ने "व्यावहारिक और रचनात्मक" बताया। बातचीत के दौरान पुतिन ने ट्रंप को रूस आने का निमंत्रण भी दिया। वहीं, ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को जल्द खत्म करने और समाधान तलाशने की इच्छा जताई।

Image

पुतिन ने ट्रंप को दिया रूस आने का न्योता। AP

Photo : AP

US Independence Day: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन कर बधाई दी। क्रेमलिन के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच करीब 90 मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। क्रेमलिन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप को रूस आने का निमंत्रण भी दिया। हालांकि, संभावित यात्रा की तारीख या एजेंडे को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

ट्रंप ने फोन पर पुतिन को बताया कि अमेरिका युद्ध जल्दी खत्म करने और संकट का हल निकालने के लिए तैयार है। दोनों नेताओं की बातचीत को क्रेमलिन के सहायक यूरी उशाकोव ने “व्यावहारिक और काफी रचनात्मक” बताया। रूस अभी भी राजनीतिक और कूटनीतिक रास्ते से समस्या सुलझाने की बात कर रहा है, जिसमें उसकी बुनियादी शर्तें शामिल हों। वहीं, ट्रंप ने अलग से यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से भी बात की। जेलेंस्की ने इस बातचीत को बहुत अच्छी बताया।

यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब रूस-अमेरिका संबंध कई वैश्विक मुद्दों को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। दोनों नेताओं के बीच हुई इस लंबी बातचीत को कूटनीतिक लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, क्रेमलिन ने फोन कॉल में हुई अन्य चर्चाओं का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर क्या बोले ट्रंप?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पिछले ढाई सौ वर्षों से अमेरिका पूरी दुनिया के लिए उम्मीद, विश्वास, रोशनी और गर्व का प्रतीक रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा से देश आगे भी यही भूमिका निभाएगा और पहले से अधिक मजबूत बनेगा। ट्रंप ने कहा कि 4 जुलाई 1776 से लेकर 4 जुलाई 2026 तक अमेरिका ने दुनिया को दिखाया है कि वह अत्याचार पर जीत हासिल कर सकता है और आजादी की रक्षा कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि आज अमेरिका पहले से अधिक मजबूत, स्वतंत्र, समृद्ध, सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article