PM Modi In Namibia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका दुनिया में लगातार बज रहा है और उन्हें नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस से सम्मानित किया गया है। नामीबिया के राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवाह ने उन्हें विंडहोक में यह पुरस्कार प्रदान किया।
पीएम मोदी ने जताया आभार
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया का आभार जताते हुए कहा, वेल्वित्चिया मिराबिलिस से सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। मैं राष्ट्रपति, नामीबिया सरकार और नामीबिया के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं।
क्या है ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एनशिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस
ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एनशिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। यह पुरस्कार 1990 में नामीबिया की स्वतंत्रता के तुरंत बाद, 1995 में स्थापित किया गया था, ताकि विशिष्ट सेवा और नेतृत्व को मान्यता दी जा सके। नामीबिया में पाए जाने वाले एक अनोखे और प्राचीन रेगिस्तानी पौधे, वेल्वित्शिया मिराबिलिस के नाम पर यह पुरस्कार नामीबियाई लोगों के लचीलेपन, दीर्घायु और स्थायी भावना का प्रतीक है। यह प्रधानमंत्री मोदी का 27वां और इस दौरे का चौथा पुरस्कार है।
ब्राजील ने भी किया था सम्मानित
इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया था। ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इसानिओ लूला दा सिल्वा ने उन्हें 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द साउदर्न क्रास' से सम्मानित किया। पीएम मोदी को यह सम्मान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और प्रमुख वैश्विक मंचों पर भारत-ब्राजील सहयोग को बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
